पीएम आवास योजना में अनियमितता के आरोप को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज मड़ैया की मुखिया शांति देवी के नेतृत्व में मंगलवार को पंचायत के सैकड़ों महिला-पुरुष समाहरणालय पहुंचे और डीएम को एक ज्ञापन सौंपा.
जमुई . जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज मड़ैया की मुखिया शांति देवी के नेतृत्व में मंगलवार को पंचायत के सैकड़ों महिला-पुरुष समाहरणालय पहुंचे और डीएम को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में व्यापक अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच और न्याय की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि मड़ैया पंचायत के विभिन्न गांवों में पंचायत रोजगार सेवक प्रवीण कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए नाम जोड़ने की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की है. कई ऐसे पात्र परिवार, जो दलित, महादलित, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग से आते हैं, उन्हें योजना से वंचित कर दिया गया है. इन परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है और उनके मकान जर्जर अवस्था में हैं. इसके बावजूद उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत रोजगार सेवक ने आवास योजना में नाम जोड़ने के एवज में प्रति लाभार्थी रुपये की वसूली भी की है. इस संबंध में ग्रामीणों ने पहले भी वीडियो साक्ष्य के माध्यम से शिकायत दर्ज करायी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है. मुखिया शांति देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों को पक्की छत देने की योजना है, लेकिन भ्रष्टाचार और मनमानी के कारण वास्तविक जरूरतमंद लाभ से वंचित रह जा रहे हैं. इससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है. ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने डीएम से मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में छूटे हुए सभी पात्र ग्रामीणों का पुनः सर्वे कर नाम जोड़ा जाए, दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए. मौके पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि योगेंद्र साह, सरपंच अनिल कुमार, वार्ड सदस्य मुकेश कुमार यादव, गोविंद यादव, फूल कुमार ठाकुर, संजय पासवान, छबीला साह, अंकुश कुमार, धीरज कुमार, नीतू देवी, डोली देवी, सरोजनी देवी, प्रियंका देवी, चंपा देवी, सरिता देवी, हिना देवी समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




