कटौना बाइपास पुल पर भीषण हादसा, रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार कार, जेई समेत तीन घायल

Updated:
विज्ञापन
कटौना बाइपास पुल पर भीषण हादसा, रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार कार, जेई समेत तीन घायल

क्षतिग्रस्त गाड़ी

जमुई-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कटौना बाइपास पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. भीषण टक्कर के बाद स्थानीय लोगों और मलयपुर पुलिस की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

विज्ञापन

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट: जमुई-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग स्थित कटौना बाइपास पुल पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. इस दुर्घटना में कार सवार रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

मलयपुर पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया है. घायलों की पहचान मलयपुर थाना क्षेत्र के टैंगहारा गांव निवासी अमित कुमार, सूरज कुमार और रेलवे विभाग के एक जूनियर इंजीनियर के रूप में की गई है.

पुल के नीचे गिरने से बची कार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की गति काफी तेज थी. पुल पर चढ़ने के दौरान चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे कंक्रीट की रेलिंग से टकरा गई. लोगों का कहना है कि यदि टक्कर के बाद कार नहीं रुकती, तो वह सीधे पुल के नीचे गिर सकती थी, जिससे जान-माल का और भी बड़ा नुकसान हो सकता था. भीषण आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत के लिए दौड़े.

नशे की हालत में होने की आशंका, जांच शुरू

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि कार चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. हालांकि, पुलिस ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घायलों का उपचार जारी है.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन