खड़सारी गांव में हाथियों का कहर, सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल बर्बाद

Updated at : 16 Mar 2026 8:40 PM (IST)
विज्ञापन
खड़सारी गांव में हाथियों का कहर, सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल बर्बाद

सदर प्रखंड के खड़सारी गांव में रविवार की रात जंगल से भटके हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचा दी.

विज्ञापन

जमुई. सदर प्रखंड के खड़सारी गांव में रविवार की रात जंगल से भटके हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचा दी. करीब 30 से 40 हाथियों का झुंड गांव के खेतों में घुस गया और सैकड़ों एकड़ में लगी गेहूं की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया. अचानक हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग पूरी रात दहशत में जागते रहे. जानकारी के अनुसार, देर शाम जंगल से निकला हाथियों का झुंड खड़सारी गांव के आसपास के खेतों में पहुंच गया. हाथियों ने गेहूं की खड़ी फसल को तहस-नहस कर दिया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. ग्रामीणों ने शोर मचाकर और पटाखे जलाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन झुंड रातभर खेतों में उत्पात मचाता रहा. घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. लखीसराय और जमुई जिले की वन विभाग की टीमों के साथ ग्रामीणों ने मिलकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद देर रात हाथियों का झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. इस घटना में कई किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई. प्रभावित किसानों में मुकुल कुमार, राकेश कुमार, पप्पू सिंह, दीपक कुमार, मुकेश कुमार, विरंची महतो, कन्हैया कुमार, नीतिश कुमार, शुभाकर कुमार, नवीन सिंह और राजेश कुमार समेत कई किसान शामिल हैं. किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत से तैयार की गई फसल एक ही रात में नष्ट हो गई. इधर, समाजसेवी विपुल कुमार भारद्वाज ने प्रशासन से फसल क्षति का जल्द सर्वेक्षण कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर है, ऐसे में सरकार को शीघ्र राहत प्रदान करनी चाहिए.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन