सोनो में ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर, परीक्षा दिलाने जा रहे युवक की मौत, दो छात्राएं गंभीर घायल

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर लगी भीड़ व पुलिस और क्षतिग्रस्त बाइक | Prabhat Khabar Network

जमुई के सोनो-चकाई मार्ग पर खपरिया पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. ई-रिक्शा और बाइक की सीधी टक्कर में परीक्षा देने जा रहे युवक की मौत हो गई, जबकि दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है.

विज्ञापन

Jamui Road Accident: सोनो (जमुई). एनएच-333 सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर खपरिया पुल के समीप सोमवार को ई-रिक्शा और बाइक की सीधी टक्कर में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

परीक्षा दिलाने जा रहा था युवक

मृतक की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के मगही गांव निवासी 36 वर्षीय जानकी यादव, पिता दरोगी यादव के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपनी चचेरी बहन पूजा कुमारी (पिता भोला यादव), निवासी केनमन काठी और निभा कुमारी (पिता तारिणी यादव), निवासी मगही को स्नातक की अंतिम परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से चकाई जा रहा था.

खपरिया पुल के पास हुआ भीषण हादसा

खपरिया पुल के समीप सामने से आ रहे ई-रिक्शा से बाइक की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक जानकी यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी.

घायलों को जमुई सदर अस्पताल किया गया रेफर

सूचना मिलते ही सोनो थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार एवं एसआई प्रेमरंजन राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों घायल छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनो पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया. हादसे के बाद कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया.

परिजनों में मचा कोहराम

Jamui Road Accident: दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया. पत्नी कुंती देवी, 12 वर्षीय पुत्री शीशम कुमारी और 15 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीण और परिजन भी गहरे सदमे में दिखे. पूरे गांव में शोक का माहौल है.


विज्ञापन
विनय कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By विनय कुमार मिश्रा

विनय कुमार मिश्रा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सोनो (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, अपराध, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन