हल्की बारिश में ही घंटों गुल हो जाती है बिजली, 12 से 48 घंटे तक अंधेरे में रहने को मजबूर लोग

सांकेतिक तस्वीर
Jamui News: चकाई प्रखंड में हल्की बारिश होते ही बिजली आपूर्ति चरमरा जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है. व्यवसायियों, विद्यार्थियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को 12 से 48 घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है. लोगों ने बिजली विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है.
Jamui News : जमुई जिले के चकाई प्रखंड में हल्की बारिश होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है. कई गांवों और बाजार क्षेत्रों में 12 घंटे से लेकर 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत सामने आ रही है. इससे कारोबार, पढ़ाई, पेयजल और रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है. लगातार हो रही इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी बिजली विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है.
हल्की बारिश के बाद कई इलाकों में ठप हो जाती है बिजली
ग्रामीणों का कहना है कि चकाई बाजार के अलावा बोंगी, बरमोरिया, पोझा, बामदह, गजही और ठाड़ी समेत कई पंचायतों में बारिश के बाद बिजली बहाल होने में काफी समय लग जाता है. कई बार लोगों को आधे दिन से लेकर दो दिन तक बिना बिजली के रहना पड़ता है.
बरसात के मौसम में यह समस्या लगातार सामने आ रही है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
विभाग बताता है तकनीकी खराबी की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार जब बिजली विभाग से संपर्क किया जाता है तो कभी 33 केवी लाइन में फॉल्ट, कभी तार टूटने और कभी अन्य तकनीकी खराबी का हवाला दिया जाता है. हालांकि लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है और हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है.
ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात शुरू होने से पहले बिजली ढांचे की समुचित तैयारी नहीं की गई, जिसका खामियाजा अब उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है.
कारोबार, पढ़ाई और पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा असर
बिजली नहीं रहने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है. विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है. मोबाइल चार्जिंग, पेयजल आपूर्ति और अन्य जरूरी घरेलू काम भी प्रभावित हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों की दैनिक दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है.
उन्होंने मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग पहले से तैयारी करे, ताकि मामूली बारिश में भी लंबी बिजली कटौती की नौबत नहीं आए.
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जताई चिंता
भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि हल्की बारिश के बाद 12 से 48 घंटे तक बिजली गुल रहना बेहद चिंताजनक है. इससे आम लोगों, छात्रों और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है. उन्होंने बिजली विभाग से फॉल्ट होने पर त्वरित मरम्मत और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की.
राजद नेताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
राजद युवा नेता लालू कुमार ललन ने कहा कि बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. विभाग को बरसात से पहले व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए थी. यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों के साथ आंदोलन पर विचार किया जाएगा.
वहीं राजद नेता नकुल यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है. हल्की बारिश में भी घंटों और कई बार दो-दो दिन तक बिजली नहीं रहती. सरकार और बिजली विभाग को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए.
Jamui News: जदयू नेता बोले, अधिकारियों से करेंगे बात
जदयू नेता रंजीत राय ने कहा कि हल्की बारिश के बाद लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहना गंभीर समस्या है. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को संवेदनशीलता दिखाते हुए फॉल्ट का शीघ्र समाधान करना चाहिए. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को विभाग के वरीय अधिकारियों के सामने उठाकर स्थायी समाधान का प्रयास करेंगे.
स्थानीय लोगों की मांग है कि बिजली विभाग जर्जर तारों, खराब उपकरणों और अन्य तकनीकी कमियों को जल्द दूर करे, ताकि बरसात के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By श्याम सिंह तोमर
श्याम सिंह तोमर प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सरौन (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










