वैशाली में दहेज विवाद में महिला की हत्या का आरोप, गला दबाकर मारने की आशंका

Updated:
विज्ञापन
-फोटो-20- घटनास्थल पर जुटी पुलिस व ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

घटनास्थल पर जुटी पुलिस व ग्रामीण

राघोपुर थाना क्षेत्र के सैदाबाद पंचायत में दहेज विवाद के चलते एक 30 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई. ससुराल पक्ष पर चारपहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर मार डालने का आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

राघोपुर थाना क्षेत्र के सैदाबाद पंचायत में दहेज विवाद को लेकर एक 30 वर्षीय महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

मृतका की पहचान सैदाबाद पंचायत निवासी गोपाल राय की पत्नी बिंदी कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

दहेज में चारपहिया वाहन की मांग का आरोप

मृतका के भाई बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर सैद अली निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2016 में सैदाबाद निवासी गौरीशंकर राय के पुत्र गोपाल राय से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. शादी के समय दहेज में मांगी गई सभी मांगें पूरी की गई थीं.

उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के करीब दो वर्ष बाद से ससुराल पक्ष चारपहिया वाहन की मांग करने लगा. इसको लेकर लगातार विवाद होता रहा. मामला एक बार पंचायती तक पहुंचा और समझौता भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ.

हत्या कर शव ठिकाने लगाने की कोशिश का आरोप

राजेश कुमार के अनुसार गुरुवार दोपहर गांव में रहने वाले एक रिश्तेदार ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई है और ससुराल वाले शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल राघोपुर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

तीन बच्चों की मां थी मृतका

परिजनों ने बताया कि बिंदी कुमारी के दो बेटियां और एक बेटा हैं. वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं. परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण उनकी हत्या की गई है.

आवेदन मिलने के बाद होगी प्राथमिकी

राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
राहुल कुमार राय

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन