वैशाली: बिदुपुर में वार्ड सदस्य के घर चोरी, चार लाख के गहने और 30 हजार नकद ले गए चोर

चोरी के बाद बिखरा पड़ा समान
बिदुपुर के खालसा गांव में वार्ड सदस्य के घर अज्ञात चोरों ने चार लाख के आभूषण और तीस हजार रुपये नकद की चोरी की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खालसा गांव में अज्ञात चोरों ने वार्ड सदस्य के घर को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने घर का ताला काटकर करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. पीड़ित वार्ड सदस्य मंती देवी ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
दीवार फांदकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया. इसके बाद घर में रखे अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे गहने और नकदी लेकर फरार हो गए.
घटना को लेकर पीड़िता मंती देवी ने बिदुपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.
लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत
बिदुपुर थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोग रात में जागकर अपने घरों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं.
ग्रामीणों के अनुसार, 20 जुलाई को विशनपुर राजखंड गांव में दिलीप सिंह के घर चोरी हुई थी. इसके बाद 23 जुलाई को चोरों ने चकसिकंदर बाजार स्थित एसबीआई के एटीएम को उखाड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. वहीं, 24 जुलाई को कुतुबपुर निवासी ऋतिक कुमार के घर भी लाखों रुपये की चोरी हुई थी.
घटनाओं का खुलासा नहीं होने से लोगों में आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है. इससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है. लोगों ने एसपी से क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










