महुआ में 162.75 ग्राम हेरोइन के साथ महिला सहित दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, असम से बिहार लाई जा रही थी खेप

पीसी करते एसडीपीओ
वैशाली के महुआ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 163 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला और पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
वैशाली जिले के महुआ में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है. बिहार एसटीएफ की गुप्त सूचना पर महुआ पुलिस ने 162.75 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक महिला समेत दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया. पुलिस अब पूरे ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुट गई है.
एसटीएफ की सूचना पर महुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह एएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. कार्रवाई के दौरान महुआ थाना पुलिस ने 162.75 ग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.
बस से उतरते ही दोनों संदिग्ध दबोचे गए
पुलिस के अनुसार बिहार एसटीएफ से सूचना मिली थी कि असम के सिलचर से सिलीगुड़ी के रास्ते एक बस से दो तस्कर हेरोइन लेकर महुआ पहुंच रहे हैं. सूचना का सत्यापन होने के बाद विशेष टीम ने समस्तीपुर-महुआ मार्ग पर बस से उतरते ही दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया.
तलाशी में मिली हेरोइन और मोबाइल फोन
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 162.75 ग्राम हेरोइन (स्मैक) और दो मोबाइल फोन बरामद किए. बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया.
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत निवासी अमित कुमार और दाउदनगर निवासी रोमा कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ महुआ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एएसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी संजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक पहले भी एक मामले में जेल जा चुका है. उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद, सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी, सिंकू कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
Also Read : हाजीपुर : शिव मंदिर का ताला तोड़कर हुई थी चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, सामान बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










