पटना: पालीगंज में टावर से तांबे का तार चोरी, तीन बदमाश गिरफ्तार; स्कूटी समेत सामान बरामद

बरामद तांबे का तार और स्कूटी
पटना जिले के पालीगंज में एक तांबा तार चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के उपकरण, बाइक और नकदी बरामद की है।
Patna News : पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत कुरकुरी गांव में टावर से तांबे का तार चोरी करने का मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई में चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों के साथ-साथ बाइक और नकद राशि भी बरामद की गई है. घटना के बाद इलाके में सक्रिय तार चोर गिरोह को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है.
बताया जाता है कि 31 जुलाई की शाम कुरकुरी गांव निवासी सुमंत कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी जमीन पर लगे टावर से एक युवक कॉपर तार काट रहा है. सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.
ग्रामीणों की मदद से पहली गिरफ्तारी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पकड़े गए युवक की पहचान सुनील कुमार के रूप में की और उसे हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान सुनील ने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आदित्य कुमार और आशीष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया.
मामले की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपितों को पकड़कर थाने ले आए. इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
कटर, तार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से तांबे का कटा हुआ तार, तार काटने वाला कटर, तीन मोबाइल फोन और 1188 रुपए नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक आर-15 बाइक भी जब्त की गई है, जिसका नंबर BR 01FW-7703 बताया जा रहा है.
कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने इलाके के अलग-अलग टावरों से तांबे का तार चोरी करने की बात स्वीकार की है. इससे यह साफ हो गया है कि यह कोई अकेली घटना नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था.
पहले भी जा चुका है जेल
गिरफ्तार आरोपित सुनील कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस ने बताया कि वह पहले भी जानीपुर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है. इसके बावजूद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया था.
पालीगंज के कुरकुरी गांव में हुई इस कार्रवाई से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हालांकि इस गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि इलाके में टावर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










