वैशाली के चौमुखी महादेव मंदिर में श्रावणी मेले का शुभारंभ, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया जलाभिषेक

श्रावणी मेले का शुभारंभ, पर्यटन मंत्री ने किया जलाभिषेक
वैशाली के चौमुखी महादेव मंदिर में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने श्रावणी मेले का उद्घाटन किया और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की.
Hajipur News: सावन माह की सोमवारी के अवसर पर वैशाली के ऐतिहासिक चौमुखी महादेव मंदिर में श्रावणी मेले का शुभारंभ बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया. इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की. मंदिर के प्रधान पुजारी अमीरनाथ मिश्रा एवं सतीश मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंत्री से पूजा संपन्न कराई.
सावन में जलाभिषेक की परंपरा का बताया महत्व
श्रावणी मेले के उद्घाटन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि सावन माह का विशेष धार्मिक महत्व है. उन्होंने बताया कि समुद्र मंथन के दौरान निकले विष को भगवान शिव ने ग्रहण किया था, जिसके कारण वे नीलकंठ कहलाए. विष की उष्णता को शांत करने के लिए देवताओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया था. तभी से सावन माह में जलाभिषेक की परंपरा चली आ रही है. उन्होंने कहा कि इस पवित्र माह में श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.
मंत्री को किया गया सम्मानित
मंदिर समिति के सचिव डॉ. बसंत सिंह ने पर्यटन मंत्री को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
मंदिर समिति ने सौंपा पांच सूत्री मांगपत्र
इस अवसर पर चौमुखी महादेव मंदिर समिति ने पर्यटन मंत्री को पांच सूत्री मांगपत्र भी सौंपा. मांगपत्र में मंदिर परिसर के चारों ओर हाई मास्ट लाइट लगाने, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्रावणी मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने, चौमुखी महादेव धाम को जैन-बौद्ध पर्यटन सर्किट से जोड़ने, मंदिर के समीप किसी बैंक शाखा की स्थापना करने तथा अति प्राचीन शिवलिंग की पौराणिक महत्ता को देखते हुए इसे बिहार के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों में शामिल करने की मांग की गई.
मंदिर समिति के सदस्यों ने मंत्री को बताया कि इन मांगों को पूर्व में भी कई मंत्रियों के समक्ष रखा जा चुका है, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हो सका है. उन्होंने पर्यटन मंत्री से इन मांगों को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया. कार्यक्रम में मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष राजकिशोर राय, शशिभूषण सिंह, राजगीर राय, अनिल कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
Also Read: तेज प्रताप यादव की जेल से रिहाई पर गुस्से में छात्र, बोले- यहां वीआईपी कल्चर चल रहा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










