सदर अस्पताल परिसर से हथकड़ी की रस्सी काटकर भागा नाबालिग, पुलिस ने दोबारा घर से पकड़ा

Updated:
विज्ञापन

हाजीपुर में सदर अस्पताल से हथकड़ी काटकर फरार हुआ नाबालिग बाइक चोर पुलिस ने दोबारा धर दबोचा है। बिदुपुर से हुई गिरफ्तारी के बाद अब किशोर न्याय कानून के तहत हथकड़ी लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सदर अस्पताल परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एक नाबालिग बाइक चोरी के आरोपित को गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.

मेडिकल जांच के दौरान पुलिस को देकर चकमा हुआ था फरार

जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सोमवार को सुल्तानपुर गांव के पास से बाइक चोरी के आरोप में बिदुपुर थाना क्षेत्र के एक नाबालिग को पकड़ा था. मंगलवार को मेडिकल जांच के लिए उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी से बंधी रस्सी काटकर फरार हो गया था. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन काफी तलाश के बावजूद वह हाथ नहीं आया.

गुप्त सूचना पर बिदुपुर से दबोचा गया

घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र थाना की ओर से नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. लगातार छापेमारी के बीच गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अपने घर के पास छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया.

थानाध्यक्ष ने गिरफ्तारी की पुष्टि की

औद्योगिक क्षेत्र थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि सदर अस्पताल से फरार हुए नाबालिग को बिदुपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

हथकड़ी लगाने पर उठे सवाल

घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि आरोपित नाबालिग था, तो उसे किस परिस्थिति में हथकड़ी लगाई गई. किशोर न्याय कानून के तहत नाबालिगों के साथ विशेष प्रक्रिया अपनाई जाती है और सामान्य परिस्थितियों में उन्हें हथकड़ी लगाने की अनुमति नहीं होती. इस पहलू पर भी चर्चा शुरू हो गई है.


विज्ञापन
अभिषेक कुमार

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन