हाजीपुर रोजगार मेले में 833 युवाओं का हुआ चयन, 3,331 अभ्यर्थियों ने किया था पंजीकरण
जिला स्तरीय मेला का उद्घाटन करते डीएम व विधायक
हाजीपुर में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में 24 कंपनियों ने भाग लिया। 3331 अभ्यर्थियों में से 833 युवाओं को नौकरी के लिए चुना गया। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
Hajipur News : हाजीपुर में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय द्वारा गुरुवार को अक्षयवट राय स्टेडियम में जिला स्तरीय एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक अवधेश सिंह एवं जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
24 निजी कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में देश की 24 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लिया. वेयरहाउस, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स, बैंकिंग, सुरक्षा सेवाएं, टेलीकॉम, टेक्सटाइल, फूड सर्विस, सेल्स एवं मार्केटिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए.
833 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
मेले में कुल 3,331 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया. चयन प्रक्रिया के बाद 833 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 500 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण के लिए आमंत्रित किया गया.
कौशल विकास और सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी
रोजगार मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई गईं.
नई तकनीक और कौशल सीखने पर दिया जोर
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए सकारात्मक पहल है और भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों, नए कौशल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखने की अपील की. साथ ही निजी कंपनी में नौकरी स्वीकार करने से पहले वेतन, सेवा शर्तों और अन्य सुविधाओं की पूरी जानकारी लेने की सलाह दी.
रोजगार मेले को बताया भविष्य निर्माण का माध्यम
विधायक अवधेश सिंह ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं के भविष्य निर्माण का प्रभावी माध्यम हैं. उन्होंने युवाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने, अनुभव अर्जित करने और निरंतर कौशल विकास करते रहने का आह्वान किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी सहित जिला नियोजनालय के अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











