हाजीपुर-पटना निर्माणाधीन पुल से लोहे का गार्डर चोरी, पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा
गिरफ्तार आरोपित | Prabhat Khabar Network
महात्मा गांधी सेतु के समानांतर बन रहे नए पुल निर्माण स्थल से लोहे के भारी गार्डर की चोरी का मामला सामने आया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई सामग्री को बरामद कर लिया है.
महात्मा गांधी सेतु के समानांतर चल रहे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग और पुल निर्माण कार्य को अपराधियों ने निशाना बनाया है. गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पास से लोहे के भारी-भरकम गार्डर की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को धर दबोचा है. पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई एसी मैजिक गाड़ी और कबाड़ की दुकान से चुराया गया लोहे का गार्डर भी बरामद कर लिया है. इस सिलसिले में निर्माण कार्य में जुटी कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुरक्षा प्रबंधक की लिखित शिकायत पर गंगाब्रिज थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने दर्ज कराई प्राथमिकी
एसपीएस कंस्ट्रक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पटना के जीरो माइल से हाजीपुर के रामाशीष चौक तक पथ निर्माण और महात्मा गांधी सेतु के समानांतर नए पुल के निर्माण का कार्य देख रही है. प्रोजेक्ट के सिक्योरिटी मैनेजर विनय कुमार ने थाने में मामला दर्ज कराया है. प्राथमिक के मुताबिक 2 अगस्त की रात कंपनी की सुरक्षा पेट्रोलिंग टीम के सदस्य धर्मेंद्र कुमार नियमित गश्त पर थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि महात्मा गांधी सेतु के पाया संख्या 7 के पास एक संदेहास्पद एसी मैजिक गाड़ी खड़ी है.
पाया संख्या-11 से गायब हुआ था गार्डर
पेट्रोलिंग टीम ने जब मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो पता चला कि उस वाहन को चुन्नू कुमार निवासी-ग्राम तेरसिया, पाया नंबर 16 पश्चिम चला रहा था. आरोप है कि चुन्नू कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर निर्माणाधीन पुल के पाया संख्या 11 के पास रखे कीमती लोहे के गार्डर को चुरा लिया था. इस चोरी किए गए लोहे को चौहट्टा से 500 मीटर पश्चिम दिशा में स्थित एक कबाड़ दुकान के संचालक सनोज पटेल के पास ले जाकर बेच दिया गया था.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हिरासत में आरोपी
घटना की भनक लगते ही सुरक्षा टीम ने तुरंत गंगाब्रिज थाना अध्यक्ष को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी चुन्नू कुमार को मौके से ही दबोच लिया. इसके बाद निशानदेही पर कबाड़ दुकानदार सनोज पटेल के ठिकाने से चोरी गया पूरा लोहे का गार्डर बरामद कर लिया गया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एसी मैजिक वाहन, चोरी का गार्डर और आरोपी चुन्नू कुमार को अपने कब्जे में लेकर गंगाब्रिज थाने को सुपुर्द कर दिया.
इस संबंध में गंगाब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि चोरी के इस नेटवर्क में कबाड़ दुकानदार की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है. साथ ही फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










