Hajipur News : हाजीपुर जिला शिक्षा कार्यालय पर अवैध वसूली का आरोप

Hajipur News : रिश्वत दो, नहीं तो फंसोगे — डीईओ कार्यालय में शिक्षक से दुर्व्यवहार का आरोप, एसीएस से लगाई गुहार
Hajipur News : (विनय पटेल) वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय एक बार फिर विवादों में घिर गया है. वैशाली प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय चिंतामणीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक बीरेंद्र कुमार ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर डीईओ कार्यालय के एक लिपिक और अनुबंध कर्मी पर रिश्वत मांगने, अभद्र व्यवहार करने तथा मारपीट के प्रयास का आरोप लगाया है.
स्पष्टीकरण देने पहुंचे थे शिक्षक
प्रधानाध्यापक ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी, हाजीपुर द्वारा पत्रांक 997 दिनांक 21 मई 2026 के माध्यम से उनसे कुछ आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। उसी स्पष्टीकरण का जवाब देने और अपना पक्ष रखने के लिए वे 26 मई को डीईओ कार्यालय पहुंचे थे.
“मामला रफा-दफा कराने” के नाम पर मांगी रिश्वत
आरोप है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात से पहले ही कार्यालय में मौजूद अनुबंध कर्मी अनीश पटेल ने उन्हें रोक लिया और मामले को रफा-दफा कराने के नाम पर अवैध राशि की मांग करने लगा। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया तो कर्मी भड़क उठा और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दुर्व्यवहार करने लगा.
हाथ मरोड़ने और मारपीट की कोशिश का आरोप
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके हाथ को मरोड़ दिया गया तथा मारपीट का प्रयास भी किया गया। घटना से आहत शिक्षक ने पूरे मामले को शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचाते हुए न्याय की गुहार लगाई है.
“डीईओ कार्यालय में चल रहा शोषण का रैकेट”
अपने पत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि डीईओ कार्यालय, हाजीपुर में शिक्षकों के शोषण और अवैध वसूली का संगठित खेल चल रहा है। संबंधित कर्मियों को इसी उद्देश्य से कार्यालय में रखा गया है और बिना पैसे के शिक्षकों का काम करना मुश्किल बना दिया जाता है.
सीसीटीवी जांच की मांग
शिक्षक ने दावा किया है कि कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने अपर मुख्य सचिव से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
शिक्षक संगठनों में नाराजगी
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। शिक्षक संगठनों में भी मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.
Also Read : हथियार उठाते ही गिरे रबजान मियां, कुर्बानी के दौरान हार्ट अटैक से मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










