लोकल से ग्लोबल होंगी बिहार की जीविका दीदियां, अब ई-कॉमर्स पर बिकेंगे प्रोडक्ट, फ्लिपकार्ट पर बनाएंगी पहचान

Author Kaif ahmed|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन

कार्यशाला में शामिल अतिथि

Jeevika Didi E-commerce Training : हाजीपुर में जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल साक्षर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उद्घाटन किया, जिससे 250 से अधिक महिलाओं को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री का तरीका सिखाया गया.

विज्ञापन

Jeevika Didi E-commerce Training : हाजीपुर में जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल साक्षर बनाने और ई-कॉमर्स से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री की पूरी प्रक्रिया सिखाई गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

250 से अधिक जीविका दीदियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण

दरअसल, हाजीपुर स्थित बीका सभागार में आजीविका मिशन (जीविका) के तहत आयोजित कार्यशाला में 250 से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया. प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और उन्हें ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के लिए तैयार करना था.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया उद्घाटन

कार्यशाला का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, विधायक अमित रानू, विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी, पीडब्ल्यूआईएफ की अध्यक्ष आभा पांडे तथा फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट तफीम सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

ई-कॉमर्स की पूरी प्रक्रिया से कराया गया परिचित

फ्लिपकार्ट के विशेषज्ञों ने महिलाओं को उत्पादों का ऑनलाइन पंजीकरण, लिस्टिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ऑर्डर प्रबंधन, पैकेजिंग और ग्राहकों तक डिलीवरी की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी. प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल माध्यम से अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए सक्षम बनाना था.

स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगी

कार्यशाला के दौरान मधुग्राम महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और पुष्करण जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ओर से मधु, सत्तू, बेसन, अचार, मसाले और मोटे अनाज से तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई.

डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ेगी ग्रामीण महिलाओं की आय

स्वागत भाषण में आभा पांडे ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने पर ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार मिलेगा. वहीं फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट तफीम सिद्दीकी ने बताया कि केवल इसी महीने कंपनी ने बिहार की जीविका दीदियों से 1.5 करोड़ रुपये के उत्पाद खरीदे हैं, जबकि अब तक कुल 83 करोड़ रुपये का कारोबार किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों को ई-कॉमर्स से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.

आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी बनाना है. उन्होंने कहा कि जब जीविका दीदियां अपने उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर के बाजार तक पहुंचेंगी तो उनकी आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी. उन्होंने महिलाओं से डिजिटल लेन-देन और ई-कॉमर्स का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की.

Also Read : श्रावणी मेला से पहले हाजीपुर में सीवरेज सिस्टम होगा दुरुस्त, डीएम ने IPS-1 और IPS-3 चालू करने का दिया निर्देश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन