Hajipur Crime : महनार में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या, गुत्थी सुलझाने में लगी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
hajipur news

युवक की मौत के बाद शोकाकुल स्वजन

महनार थाना क्षेत्र में आम के बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला. स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एफएसएल की टीम जांच में जुट गई है.

विज्ञापन

Hajipur Crime : महनार थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में शनिवार की सुबह आम के बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना हत्या है या आत्महत्या, इसे लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच में जुट गई है. मृतक की पहचान गोरिगामा पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी सत्तन पासवान के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि छोटू कुमार टेंट हाउस में काम करता था और शुक्रवार को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में टेंट लगाने गया था.

पत्नी से फोन पर मरने की बात कही

स्वजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब दो बजे उसने अपनी पत्नी निशा से फोन पर बात की थी. बातचीत के दौरान उसने मरने की बात कही थी, जिसके बाद पत्नी और परिवार के लोग घबरा गए. परिजनों ने लगातार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद हो गया. इसके बाद रातभर उसकी तलाश की जाती रही.

रातभर तलाश के बाद सुबह मिली सूचना

शनिवार सुबह घर से करीब पांच सौ मीटर दूर एक आम के बगीचे में पेड़ से लटकता हुआ मृतक का शव मिलने की जानकारी हुई. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. परिवार के लोग शव को पेड़ से उतारकर घर ले आए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी निशा समेत अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि छोटू कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था और टेंट हाउस में काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसका दो वर्ष का एक पुत्र भी है.

स्वजनों ने कहा, हत्या हुई है

मृतक के स्वजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि छोटू कुमार की किसी से दुश्मनी नहीं थी और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार चला रहा था. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.

वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ प्रवीण कुमार एवं थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. इस संबंध में एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रात में काम से लौटने के बाद युवक का पत्नी से घरेलू विवाद हुआ था. इसके बाद उसने अपनी बहन को फोन कर मरने की बात कही थी. उन्होंने बताया कि किसी ट्रैक्टर मालिक के साथ विवाद की बात भी सामने आई है तथा मृतक की जेब से एक चाबी बरामद हुई है. एसडीपीओ ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा.

Also read बिहार में जमीन रजिस्ट्री के नियम बदले, अब CO की जांच के बिना नहीं होगी खरीद-बिक्री

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन