महुआ के भदई चौक पर गड्ढों में तब्दील सड़क बनी हादसों का कारण, लोगों ने डीएम से लगाई गुहार
क्षतिग्रस्त सड़क की तस्वीर
Hajipur News : वैशाली जिले के महुआ में सड़क की जर्जर स्थिति लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलजमाव के कारण राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की जा रही है।
Hajipur News : वैशाली जिले के महुआ नगर परिषद क्षेत्र स्थित भदई चौक के समीप सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी और हादसों का कारण बन गई है. सड़क जगह-जगह टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. बरसात के कारण गड्ढों में जलजमाव होने से लोगों को यह तक पता नहीं चल पाता कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां. स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है.
प्रखंड कार्यालय और अनुमंडल अस्पताल जाने वाली सड़क जर्जर
जानकारी के अनुसार, बच्चन शर्मा स्मारक से प्रखंड कार्यालय और अनुमंडल अस्पताल होते हुए गोरौल जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर बनी हुई है. नगर परिषद क्षेत्र के भदई चौक पर युवा समाजसेवी मुकेश कुमार राय के आवास से लेकर स्वास्थ्यकर्मी भगवानलाल राय के घर तथा देव आरोग्य संस्थान के समीप से कुलदीप चौक तक सड़क पूरी तरह टूट चुकी है.
जलजमाव से बढ़ा हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती. ऐसे में दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और पैदल राहगीर अक्सर गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि यह सड़क किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
स्थानीय निवासी लक्ष्मण राय, सोनू कुमार, विनय कुमार, राकेश कुमार, प्रिंस यादव, रुपेश कुमार, दिनेश राय, अशोक कुमार, पंकज राय और डॉ. देवांश चौधरी समेत अन्य लोगों ने बताया कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
जिलाधिकारी से सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द सड़क दुरुस्त नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. साथ ही उन्होंने प्रशासन से लोगों की सुरक्षा को देखते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए