हाजीपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 45 वाहनों से 5.08 लाख रुपये जुर्माना
जाँच अभियान
जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 वाहनों से ₹5,08,929 का जुर्माना वसूला गया. जानें इस अभियान का पूरा विवरण.
road safety enforcement: जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में हाजीपुर शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन जांच की गयी. रामाशीष चौक, बीएसएनएल गोलंबर सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर चलाये गये अभियान के दौरान विभिन्न वाहनों की जांच की गयी.
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गयी. अभियान में कुल 45 वाहनों से 5,08,929 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया.
हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता
वाहन जांच के दौरान अधिकारियों ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी. वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा के अंदर वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की गयी.
अधिकारियों ने सड़क पर सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए भी वाहन चालकों को जागरूक किया. लोगों को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है.
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम प्रशासन की प्राथमिकता
जिला पदाधिकारी ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही को प्रशासन की प्राथमिकता बताया है. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित और प्रभावी वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है.
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति अन्य लोगों को जागरूक करने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए