वैशाली में पूर्व सैनिक के बंद घर में करोड़ों की चोरी, 90 लाख के सोने के आभूषण समेत नकदी ले गए चोर

चोरी के बाद कमरे में बिखरा सामान
Hajipur News : वैशाली के रघवापुर गांव में एक हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है। एक पूर्व सैनिक के घर से करोड़ों रुपये की संपत्ति, जिसमें 35 तोला सोने के आभूषण और ढाई किलो चांदी शामिल है, चोरी हो गई है।
Hajipur News : वैशाली थाना क्षेत्र के रघवापुर गांव में बंद पड़े एक घर में हुई चोरी की घटना में करोड़ों रुपये की संपत्ति चोरी होने का मामला सामने आया है. गृहस्वामी पूर्व सैनिक रंजीत कुमार मिश्रा के मंगलवार देर शाम घर लौटने के बाद घटना की जानकारी वैशाली थाना पुलिस को दी गई. जानकारी के अनुसार, रंजीत कुमार मिश्रा अपने परिवार के साथ 12 जुलाई को वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू गए थे. इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
बड़े भाई ने दी चोरी की सूचना, घर में बिखरा मिला सामान
बताया गया कि 13 जुलाई की सुबह गृहस्वामी के बड़े भाई बैद्यनाथ मिश्र ने घर का मुख्य गेट खुला देखा. इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों को इसकी सूचना दी. डायल-112 पुलिस की मौजूदगी में जब घर की जांच की गई तो दोनों अलमारियों के ताले टूटे मिले और पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद रंजीत कुमार मिश्रा अपनी यात्रा बीच में छोड़कर 14 जुलाई को घर पहुंचे.
35 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और 1.42 लाख नकद चोरी
घर पहुंचने के बाद जांच में पता चला कि चोर करीब 35 तोला सोने के आभूषण, लगभग ढाई किलो चांदी के जेवर, 1.42 लाख रुपये नकद और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए हैं. पीड़ित रंजीत कुमार मिश्रा के अनुसार, चोरी गए सोने के आभूषणों की कीमत करीब 90 लाख रुपये और चांदी के आभूषणों की कीमत लगभग 5 लाख रुपये है. चोरी गए गहने उनकी पत्नी, बेटी, बहू और पुत्र के थे.
वारदात में पल्सर बाइक के इस्तेमाल की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना वाली रात करीब 12 बजे रघवापुर चौक स्थित एक किराना दुकान के पास एक पल्सर मोटरसाइकिल खड़ी देखी गई थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी वाहन का इस्तेमाल चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद भागने में किया होगा.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद वैशाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पूर्व सैनिक के घर हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










