आर्मी जवान और उनके पिता की दोहरी हत्या का खुलासा, नाबालिग समेत दो हिरासत में, साजिश का खुलासा

Author Abhishek Kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Hajipur News : वैशाली जिले के हाजीपुर में आर्मी जवान और उनके पिता की दोहरी हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गांजा तस्करी के पुराने संबंधों के चलते रची गई इस साजिश में एक नाबालिग समेत दो लोग हिरासत में लिए गए हैं.

विज्ञापन

Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में बीते रविवार को आर्मी जवान और उनके पिता की हुई दोहरी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. मुख्य आरोपित की पहचान पटना के चौक थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र राय के पुत्र पप्पू कुमार के रूप में हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पुरानी दोस्ती से शुरू हुई हत्या की साजिश

सदर-1 के एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि इस दोहरे हत्याकांड की साजिश गांजा तस्करी से जुड़े पुराने संबंधों के आधार पर रची गई थी. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित जगदीश राय और सत्येंद्र राय की दोस्ती जेल में रहने के दौरान हुई थी. दोनों पूर्व में गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं. एसडीपीओ ने बताया कि आर्मी जवान के छुट्टी पर घर आने की जानकारी मिलने के बाद 10 और 11 जुलाई को ही हत्या की योजना तैयार कर ली गई थी.

हत्या के बाद आरोपितों को पटना में छिपाने की थी जिम्मेदारी

पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में सत्येंद्र राय की भूमिका आरोपितों को संरक्षण देने की थी. योजना के तहत हत्या के बाद जगदीश राय और उसके परिवार को सुरक्षित रूप से पटना पहुंचाकर छिपाने की जिम्मेदारी उसी को सौंपी गई थी. जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपित परिवार को पटना ले जाया गया, जहां एक बॉयज हॉस्टल में जगदीश राय को छिपाया गया था. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के दौरान हथियार छीनकर भागने का किया प्रयास

पुलिस ने बताया कि बिदुपुर थाना लाए जाने के दौरान जगदीश राय ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया. फिलहाल उसका इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है.

फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड में जगदीश राय के कुछ रिश्तेदार भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं. मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन