हाजीपुर: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर अंतिम पूर्वाभ्यास, डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
परेड का पूर्वाभ्यास करते डीएम-एसपी | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ. जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए.
Independence Day : हाजीपुर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को अक्षयवट राय स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया. जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया. पूर्वाभ्यास के दौरान सशस्त्र बल, बिहार सैन्य पुलिस, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड के दलों ने अनुशासन एवं जोश के साथ परेड का प्रदर्शन किया. विभिन्न टुकड़ियों ने निर्धारित मार्च-पास्ट के दौरान डीएम और एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. वाद्य यंत्र दल की देशभक्ति की धुनों से पूरा स्टेडियम राष्ट्रभक्ति के माहौल में डूबा रहा.
व्यवस्थाओं का किया भौतिक निरीक्षण
डीएम और एसपी ने स्टेडियम परिसर का भौतिक निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, प्रवेश और निकास द्वार, झंडोत्तोलन मंच की सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, अस्थायी शौचालय और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की. अधिकारियों को समारोह से संबंधित शेष कार्यों और जरूरी सुधार को तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया गया.
कदमताल और अनुशासन पर विशेष जोर
डीएम वर्षा सिंह ने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कदमताल, अनुशासन, आपसी समन्वय और निर्धारित प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले की गरिमा और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है. संबंधित पदाधिकारियों को साउंड सिस्टम, मंच, दर्शक दीर्घा, बैरिकेडिंग, सजावट और रंग-रोगन समेत सभी तकनीकी एवं आधारभूत व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने को कहा.

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी जोर
एसपी शुभांक मिश्रा ने परेड के दौरान अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी टुकड़ियों को कदमताल, मोड़ और सलामी की प्रक्रिया में अधिक सटीकता तथा बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा.उन्होंने समारोह के दिन भीड़ नियंत्रण, विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और यातायात प्रबंधन की तैयारियां समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










