हाजीपुर में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या का मामला, पत्नी ने तीन पर करायी प्राथमिकी, एक नामजद आरोपित गिरफ्तार
गोला में मृतक का फाइल फोटो व जांच करती पुलिस
हाजीपुर में ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। जमीन विवाद और रंगदारी की मांग हत्या का मुख्य कारण बताई जा रही है।
Hajipur Contractor Murder Case : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला निवासी ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पत्नी रेखा देवी के बयान पर सदर थाने में तीन नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने नामजद आरोपित सहदेव राय को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जमीन विवाद और रंगदारी को बताया गया हत्या का कारण
प्राथमिकी के अनुसार हत्या की वजह जमीन विवाद और रंगदारी की मांग से जुड़ी बताई गई है. मृतक की पत्नी ने बताया कि दिग्घी कला स्थित कुमहिया पोखर के समीप उनकी 55 डिसमिल निजी जमीन है. इस जमीन पर राम बाबू राय वेयर हाउस के नाम से गोदाम संचालित है. गोदाम को एनबीएचसी कॉरपोरेशन के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र स्थित विजय फ्लावर मिल्स को किराये पर दिया गया है. यहां खाद्य सामग्रियों का आवागमन होता है. आरोप है कि इसी को लेकर आरोपितों की ओर से रंगदारी की मांग की जा रही थी.
रेखा देवी का आरोप, मई में भी दी गई थी धमकी
रेखा देवी के अनुसार, हत्या से पहले भी आरोपित सहदेव राय की ओर से धमकी दी गई थी. बीते 1 और 2 मई को सहदेव राय ने गोदाम के प्रबंधक और किरायेदार के मोबाइल पर फोन कर वाहनों के आने-जाने पर रोक लगाने की मांग की थी. आरोप है कि बात नहीं मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी. मृतक के परिजनों के अनुसार, सहदेव राय के खिलाफ ठेकेदार रामनरेश राय ने मई महीने में ही सदर थाने में मामला दर्ज कराया था.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने मामले में सहदेव राय को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस उसके बयानों के आधार पर अन्य नामजद और अज्ञात आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









