hajipur news. पर्यटन स्थलों पर नया साल मनाने के लिए उमड़ी भीड़

Updated:
विज्ञापन
hajipur news. पर्यटन स्थलों पर नया साल मनाने के लिए उमड़ी भीड़

सभी ने अपने-अपने अंदाज में नववर्ष का जश्न मनाया और इसे यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी

विज्ञापन

वैशाली. वैशाली के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों पर नए साल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. नए वर्ष का स्वागत करने के लिए हजारों की संख्या में सैलानी, पिकनिक मनाने वाले परिवार, युवा और बच्चे सुबह से ही विभिन्न स्थलों पर पहुंचने लगे. सभी ने अपने-अपने अंदाज में नववर्ष का जश्न मनाया और इसे यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. पिछले करीब 15 दिनों से जारी शीतलहर के बाद अचानक खिली धूप ने लोगों की खुशी को और बढ़ा दिया. सुहावने मौसम का लाभ उठाते हुए वैशाली में जनसैलाब उमड़ पड़ा. नववर्ष का आनंद उठाने आए लोग बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप, शांति स्तूप, रैलिक स्तूप, अभिषेक पुष्करणी, वैशाली संग्रहालय, राजविशाल का गढ़ और कोल्हुआ स्थित अशोक स्तंभ सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर अपने परिवार और मित्रों के साथ घूमते नजर आए.

लोग एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए खुशी साझा कर रहे थे. जैसे-जैसे दिन बढ़ा, पिकनिक मनाने वालों का उत्साह और उमंग बढ़ता गया. बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग हर आयु वर्ग के लोग नए साल के रंग में रंगे नजर आए. कहीं भोजपुरी और फिल्मी गीतों पर लोग थिरकते दिखे तो कहीं समूह में नाच-गाने का दौर चलता रहा. ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे हर कोई चाहता हो कि यह दिन यूं ही थम जाए और नए साल की खुशियां पूरे दिन बनी रहें.

बच्चे रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ नववर्ष का आनंद ले रहे थे, वहीं गोलगप्पे, चाउमीन, झालमूढ़ी, मोमोज और अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लेना भी नहीं भूले. कई नवविवाहित दुल्हनें भी अपने पति के साथ नए साल की खुशियां साझा करती नजर आईं. लोग ऐतिहासिक स्थलों पर सेल्फी लेकर इन पलों को अपने कैमरे में कैद कर रहे थे, ताकि वैशाली की यादों को अपने साथ सहेजकर ले जा सकें.

वैशाली में कई पर्यटन स्थल मौजूद

नववर्ष पर पिकनिक और घूमने के लिए वैशाली में पर्याप्त स्थान उपलब्ध हैं. युवाओं के लिए नाच-गाने और मनोरंजन हेतु ऐतिहासिक खंडहर भी आकर्षण का केंद्र बने रहे. बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप, विश्व शांति स्तूप, रैलिक स्तूप, कोल्हुआ का अशोक स्तंभ, भगवान महावीर स्वामी की जन्मस्थली बासोकुंड, वैशाली संग्रहालय, गुप्तकालीन चौमुखी महादेव मंदिर और वैशाली गढ़ जैसे अनेक ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल नए साल पर लोगों से खचाखच भरे रहे.

इन स्थलों पर हजारों लोगों के जुटने का अनुमान लगाया गया. साथ ही लोग सोशल मीडिया का भी जमकर उपयोग करते हुए अपने शुभचिंतकों, मित्रों और रिश्तेदारों को नए साल की शुभकामनाएं देते नजर आए. कुल मिलाकर वैशाली में नए साल 2026 का स्वागत हर्ष, उल्लास और उमंग के साथ किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Abhishek Shaswat

लेखक के बारे में

By Abhishek Shaswat

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन