हाजीपुर : रामाशीष चौक वाहन पड़ाव के टेंडर को लेकर समाहरणालय में भिड़े दो गुट, मारपीट में कई घायल
हाजीपुर समाहरणालय परिसर में मंगलवार को वाहन पड़ाव के टेंडर प्रक्रिया के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई. इस मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Hajipur News : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के समाहरणालय परिसर में मंगलवार को वाहन पड़ाव के टेंडर की प्रक्रिया के दौरान वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना से प्रशासनिक भवन परिसर में अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया. संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए.
रामाशीष चौक वाहन पड़ाव से जुड़ा है विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामाशीष चौक वाहन पड़ाव के टेंडर भरने को लेकर उपजा है. पीड़ित पक्ष के रविन्द्र कुमार गांधी आश्रम निवासी ने बताया कि वे अपने चार-पांच साथियों के साथ टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समाहरणालय परिसर पहुंचे थे.
इसी दौरान दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग वहां पहुंचे और उन्हें टेंडर डालने से मना करने लगे. विरोध करने पर हमलावरों ने उनके कागजात फाड़ दिए और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. बात बढ़ने पर आरोपियों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी, जिससे दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हो गए.
घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. समाहरणालय परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया गया. एक पक्ष के द्वारा आवेदन दिया गया है. जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










