हाजीपुर में मॉर्निंग वॉकर्स पर चेन स्नैचरों का हमला, सदर और औद्योगिक थाना क्षेत्र में बढ़ीं वारदातें

Updated:
विज्ञापन
चेन स्नैचरों करते फाईल CCTV  | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर में मॉर्निंग वॉकर्स पर चेन झपटमारी की वारदातों में तेजी आई है. खासकर महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है.

विज्ञापन

Hajipur News: शहर में मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले नागरिकों, विशेषकर महिलाओं के लिए चेन स्नैचरों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक पर सवार बदमाश सुबह के समय सुनसान या कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन झपट रहे हैं. हाल के दिनों में सदर थाना और औद्योगिक थाना क्षेत्र में ऐसी कई घटनाएं सामने आने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है.

मॉर्निंग वॉकर्स की दिनचर्या पर अपराधियों की नजर

स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकांश लोग सुबह पांच बजे से ही टहलने निकल जाते हैं और नियमित रूप से एक ही रूट का उपयोग करते हैं. बदमाश इसी दिनचर्या का फायदा उठाते हैं. एक बाइक पर सवार दो अपराधी अचानक पीछे से आते हैं और महिला या राहगीर के गले से चेन झपटकर फरार हो जाते हैं. घटना इतनी तेजी से होती है कि पीड़ित को संभलने तक का मौका नहीं मिलता.

27 जुलाई को डॉक्टर की पत्नी बनीं शिकार

सदर थाना क्षेत्र के रामाशीष चौक से रेलवे लाइन होते हुए अब्दुलबारी जाने वाले मार्ग पर 27 जुलाई की सुबह एक डॉक्टर दंपत्ति मॉर्निंग वॉक कर रहा था. डॉक्टर आगे चल रहे थे, जबकि उनकी पत्नी पीछे थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित दंपत्ति से बातचीत कर मामले की जानकारी ली. उन्होंने जल्द कार्रवाई और चेन बरामदगी का आश्वासन दिया.

25 जुलाई को युवक ने पीछा कर पकड़े थे बदमाश

रामाशीष चौक पर 25 जुलाई को अपनी बहन को छोड़ने आए एक युवक की चेन छीनकर भाग रहे दो बदमाशों का उसने साहस दिखाते हुए पीछा किया. दिग्घी मोड़ तक पीछा करने के बाद दोनों आरोपितों को पकड़ लिया गया. बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

दिग्घी और शंकर टॉकीज इलाके में भी हुई वारदातें

17 मार्च को दिग्घी यादव के समीप एक महिला से चेन छीनने का प्रयास किया गया. महिला ने विरोध किया तो अपराधियों से हाथापाई हो गई. इस दौरान चेन का आधा हिस्सा महिला के पास रह गया जबकि बदमाश आधा हिस्सा लेकर फरार हो गए.

वहीं 24 मई को औद्योगिक थाना क्षेत्र के शंकर टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला की चेन छीन ली. महिला ने काफी दूर तक उनका पीछा किया, लेकिन अपराधी बच निकले.

एसपी ने संभाली कमान

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मामलों की निगरानी स्वयं शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान में जुटी है.

स्थानीय नागरिकों ने सुबह के समय प्रमुख मॉर्निंग वॉकिंग रूटों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और स्थायी पुलिस तैनाती की मांग की है. लोगों का कहना है कि नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी से ही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है.


विज्ञापन
Abhishek Kumar

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन