वैशाली महिला महाविद्यालय में मनाई गई मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती, साहित्य में स्त्री-विमर्श और सामाजिक समानता पर हुई चर्चा

Updated:
विज्ञापन
फोटो -7- कार्यक्रम में शामिल लोग  | Prabhat Khabar Network

कार्यक्रम में शामिल लोग

वैशाली महिला महाविद्यालय में मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती मनाई गई। प्रो. सतीश कुमार राय ने उनके साहित्य को मानवीय मूल्यों का आधार बताया।

विज्ञापन

Hajipur News: हाजीपुर स्थित वैशाली महिला महाविद्यालय में हिंदी विभाग एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. कंचन कुमारी ने किया.

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्राओं एवं साहित्य प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी रही.

प्रेमचंद के साहित्य में सामाजिक चेतना का संदेश

मुख्य वक्ता बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के हिंदी विभाग के प्रो. सतीश कुमार राय ने प्रेमचंद के साहित्यिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रेमचंद के साहित्य में स्त्री-विमर्श, दलित-विमर्श और मानवतावादी दृष्टिकोण प्रमुख रूप से दिखाई देता है. उनकी रचनाएं सामाजिक समानता, मानवीय संवेदना और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना का सशक्त माध्यम हैं.

उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में भी प्रेमचंद की रचनाएं प्रासंगिक हैं और समाज को अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने का कार्य करती हैं.

बेहतर समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है साहित्य

मुख्य अतिथि प्रख्यात कवि राकेश रंजन एवं अभिधा प्रकाशन के प्रकाशक अशोक गुप्त भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे. अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि साहित्य जीवन, समाज और मानवीय मूल्यों की आलोचनात्मक व्याख्या करता है तथा बेहतर समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है.

कार्यक्रम के अंत में हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिशा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर डॉ. रवि शंकर सिंह सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं.


विज्ञापन
कैफ अहमद

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन