ऑपरेशन के बाद युवक की मौत पर उबाल, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोपालगंज में निकला कैंडल मार्च

Updated:
विज्ञापन

शहर में कैंडिल मार्च में निकले सामाजिक कार्यकर्ता

गोपालगंज में एक निजी अस्पताल में पैर की अंगुली के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत से लोगों का गुस्सा भड़क उठा है. डॉक्टर की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया. परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Gopalganj Hospital Negligence Case: जिले के एक निजी अस्पताल में पैर की अंगुली के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत के मामले में शुक्रवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. डॉक्टर की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अंबेडकर चौक से पोस्ट ऑफिस चौक होते हुए मोनिया चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया. इस दौरान मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई.

कुचायकोट थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव निवासी अनूप मिश्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनसुराज से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हुए. इधर, नगर थाना पुलिस ने आरोपित डॉ. कैप्टन एसके झा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

परिजनों ने ऑपरेशन में लापरवाही का लगाया आरोप

कैंडल मार्च में शामिल लोगों का आरोप है कि 20 जुलाई को बाइक से गिरने के कारण अनूप मिश्रा के बाएं पैर में चोट लगी थी. 24 जुलाई को उन्हें शहर के आरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने पैर की छोटी अंगुली में फ्रैक्चर बताकर ऑपरेशन की सलाह दी.

परिजनों का आरोप है कि 28 जुलाई को ऑपरेशन के दौरान गलत इंजेक्शन और अत्यधिक दवा देने से अनूप की हालत अचानक बिगड़ गई. गंभीर स्थिति होने पर बिना स्पष्ट जानकारी दिए उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया.

मोबाइल छीनने और गलती स्वीकार करने का भी आरोप

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने अपनी गलती स्वीकार की थी. उनका यह भी कहना है कि घटना का वीडियो बनाए जाने के दौरान डॉक्टर ने उनका मोबाइल भी छीन लिया था.

गोरखपुर रेफर, फिर आईसीयू में हुई मौत

परिजनों के अनुसार, हालत गंभीर होने पर अनूप मिश्रा को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया. वहां तीन दिनों तक इलाज के बाद उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर वापस भेज दिया गया. बाद में गोपालगंज सदर अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

नगर थाना पुलिस ने मामले में आरोपित डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें:  बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन


विज्ञापन
संजय कुमार अभय

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन