सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एनएच-27 किनारे चला बुलडोजर, बरहीमां में हटाया गया अतिक्रमण
NH 27 पर चला बुलडोजर हटाई गई सैकड़ो दुकानें
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद गोपालगंज में NH-27 पर बुलडोजर चला. बरहीमां में सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने जेसीबी और बुलडोजर से हटाया. यातायात बाधित करने वाले निर्माणों पर हुई कार्रवाई.
NH-27 Encroachment Removal Gopalganj: सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड अंतर्गत बरहीमां में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) के किनारे किए गए अतिक्रमण को गुरुवार को हटाया गया. प्रशासन की टीम ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त कराया.
अंचलाधिकारी के नेतृत्व में चला अभियान
अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार ने किया. इस दौरान महम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एनएचएआई के अधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.
यातायात में बाधा बन रहे थे अवैध निर्माण
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि एनएच-27 के दोनों किनारों पर दुकानें, ठेले और अस्थायी निर्माण किए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी.
अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पहले कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस और चेतावनी दी गई थी. इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यह कार्रवाई की गई.
बुलडोजर चलते ही मचा हड़कंप
बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान हटाते नजर आए. अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अवैध ढांचों को हटाकर राजमार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
उन्होंने लोगों से अपील की कि सरकारी भूमि और सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











