गोपालगंज में जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा, डीएम ने दिए नियमों के शत-प्रतिशत पालन के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम
गोपालगंज में जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को रंग-वार अपशिष्ट पृथक्करण और नियमित उठाव सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
गोपालगंज: जिले में जैव-चिकित्सा अपशिष्ट (बायो-मेडिकल वेस्ट) के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी समीर सौरभ ने की. बैठक में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक धीरज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की हुई समीक्षा
बैठक में जिले के सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों में जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित संग्रहण, पृथक्करण (Segregation), परिवहन, उपचार और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई.
इस दौरान बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 के प्रभावी अनुपालन और सभी स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
सभी अस्पतालों में रंग-वार पृथक्करण अनिवार्य
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी एवं निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब और अन्य स्वास्थ्य संस्थान जैव-चिकित्सा अपशिष्ट का रंग-वार पृथक्करण (Color Coding Segregation) अनिवार्य रूप से करें.
उन्होंने कहा कि अधिकृत एजेंसी के माध्यम से बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमित उठाव और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और सभी संस्थानों में नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में नियमों की अनदेखी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर
बैठक में जिले में बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य संस्थानों की सेवा कवरेज बढ़ाने और शेष संस्थानों को भी इस व्यवस्था से जोड़ने पर चर्चा की गई.
डीएम ने कहा कि जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











