गोपालगंज : सावन में गर्मी से हाल-बेहाल, 35 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, इस दिन से होगी झमाझम बारिश
मौनिया चौक पर धूप से बचने के लिए छाता लगातार जाती छात्राएं
Gopalganj Weather Update : गोपालगंज में तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. 35.2°C तापमान और 58 तक पहुंचे हीट इंडेक्स के साथ, शहरवासी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, जल्द ही राहत की उम्मीद है.
Gopalganj Weather Update : गोपालगंज शहर में तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिन चढ़ने के साथ वातावरण में नमी बढ़ने से गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हुआ. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन उमस के कारण लोगों को इससे कहीं अधिक गर्मी का अहसास हुआ.
बादल छाए रहे, लेकिन बारिश का इंतजार
दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन शहर में अच्छी बारिश नहीं हुई. बदली के बावजूद वातावरण में नमी बनी रही, जिससे चिपचिपी गर्मी ने लोगों को परेशान किया. कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की स्थिति बनी, लेकिन इससे उमस से खास राहत नहीं मिली.
58 तक पहुंचा हीट इंडेक्स
मौसम के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 65 प्रतिशत दर्ज की गई. अधिक नमी के कारण हीट इंडेक्स 58 तक पहुंच गया. बारिश नहीं होने पर इसके 60 के पार जाने की संभावना जताई जा रही है.
35.2 डिग्री तापमान, महसूस हुई 44 डिग्री जैसी गर्मी
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा. नमी अधिक होने के कारण दिन में लोगों को करीब 44 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हुई. वहीं न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में रात का सर्वाधिक तापमान बताया गया है. उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने के बावजूद उमस से राहत नहीं मिली.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की स्थिति बन रही है. इसके प्रभाव से 17 अगस्त से गोपालगंज समेत उत्तर बिहार के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हालांकि कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होने पर ही अच्छी बारिश की उम्मीद ज्यादा रहेगी.
मानसून की ट्रफ लाइन से फिलहाल सीमित बारिश
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल ऐसी स्थिति में नहीं है, जिससे भारी बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनें. यही वजह है कि बादलों की आवाजाही के बावजूद कई इलाकों में हल्की बारिश तक ही स्थिति सीमित है. शहर में भी बादल छाने के साथ बीच-बीच में बारिश हो सकती है.
सोमवार से मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और स्थानीय स्तर पर बारिश की संभावना बनी रहेगी. फिलहाल मानसून की सक्रियता कम है, लेकिन सोमवार से पूरे सप्ताह मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है.
अच्छी बारिश के लिए कम दबाव के क्षेत्र का मजबूत होना जरूरी
डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र यदि मजबूत होता है, तो गोपालगंज समेत उत्तर बिहार में अच्छी बारिश हो सकती है. इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read : गोपालगंज: सासामुसा बाजार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा बाजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








