गोपालगंज: जेपी यूनिवर्सिटी के कॉलेजों में पीजी एडमिशन को लेकर उमड़ी भीड़, जानें जरूरी डाक्यूमेंट्स और ऑनलाइन फीस प्रोसेस

Updated:
विज्ञापन

नामांकन कराने पहुंची छात्राएं

जय प्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. पहली मेधा सूची जारी होने के बाद से कॉलेजों में विद्यार्थियों की भीड़ देखी जा रही है. जानिए कब तक कराएं नामांकन और कौन से दस्तावेज़ हैं आवश्यक.

विज्ञापन

JPU PG Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन को लेकर कॉलेजों में विद्यार्थियों की चहल-पहल बढ़ गयी है. सोमवार को पहली मेधा सूची जारी होने के बाद मंगलवार से नामांकन शुरू हुआ. नामांकन के पहले दिन से ही जिले के कॉलेजों में सुबह से विद्यार्थियों की भीड़ रही. छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ कॉलेज पहुंचकर आवंटित विषय और कॉलेज की जानकारी लेने के साथ कागजातों का सत्यापन कराने और नामांकन शुल्क जमा करने में जुटे रहे. कई जगहों पर काउंटर पर विद्यार्थियों की कतार लगी रही.

विश्वविद्यालय ने पहली मेधा सूची में शामिल विद्यार्थियों को 18 अगस्त की शाम चार बजे तक नामांकन कराने का मौका दिया है. ऐसे में विद्यार्थी अंतिम तिथि से पहले नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराने में लगे हैं. विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.jpv.ac.in या jpvadm.samarth.edu.in पर जाकर समर्थ पोर्टल के एडमिशन लिंक से अपना आवंटित कॉलेज और विषय देखना है. इसके बाद संबंधित कॉलेज में पहुंचकर कागजातों का सत्यापन कराना होगा. सत्यापन के बाद समर्थ पोर्टल के पेमेंट गेटवे से शुल्क जमा करना होगा. शुल्क भुगतान की रसीद कॉलेज में जमा करना भी जरूरी है.

तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर होना है दाखिला

गोपालगंज के तीन अंगीभूत कॉलेजों में पीजी की कुल 416 सीटों पर नामांकन होना है. कमला राय कॉलेज में 224 सीटें, महेंद्र महिला कॉलेज में 96 और गोपेश्वर कॉलेज, हथुआ में 96 सीटें निर्धारित हैं. जिले में ही पीजी की पढ़ाई का मौका मिलने से विद्यार्थियों को दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं होगी. इससे आने-जाने में लगने वाला समय और खर्च भी बचेगा. यही कारण है कि पहली मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों में नामांकन को लेकर उत्साह है.

कागजात लेकर पहुंच रहे विद्यार्थी

कॉलेजों में नामांकन कराने पहुंच रहे विद्यार्थियों को जरूरी कागजात साथ रखने को कहा गया है. सत्यापन के लिए डाउनलोड किया हुआ आवेदन पत्र और आवंटन पत्र, मैट्रिक का अंकपत्र व प्रमाण-पत्र, इंटर के मूल दस्तावेज, स्नातक का अंकपत्र व उत्तीर्णता प्रमाण-पत्र तथा एसएलसी, सीएलसी या माइग्रेशन प्रमाण-पत्र जरूरी है. आरक्षित वर्ग, इडब्ल्यूएस और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता से संबंधित प्रमाण-पत्र, जहां लागू हो, प्रस्तुत करना होगा. गैप ईयर वाले विद्यार्थियों को नोटरी का शपथपत्र भी देना होगा. चार हालिया रंगीन फोटो, आधार कार्ड और अपार आइडी भी साथ रखना जरूरी है.

अंतिम समय में बढ़ सकती है भीड़

नामांकन की अंतिम तिथि 18 अगस्त शाम चार बजे तक है. ऐसे में कॉलेजों में आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है. विद्यार्थियों को अंतिम दिन का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गयी है. विश्वविद्यालय ने जरूरत पड़ने पर रविवार और अन्य छुट्टी के दिनों में भी कॉलेज खोलकर नामांकन कराने का निर्देश दिया है.

पहली मेधा सूची में चयन के बाद भी पूरी करनी होगी प्रक्रिया

मेधा सूची में नाम आना नामांकन की पूरी प्रक्रिया का अंतिम चरण नहीं है. चयनित विद्यार्थियों को आवंटित कॉलेज में कागजात का सत्यापन कराने के बाद निर्धारित शुल्क जमा करना होगा. समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर नामांकन का अवसर हाथ से निकल सकता है.

इसे भी पढ़ें: मंत्रियों के काफिले संग थावे पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां सिंहासनी के चरणों में टेका माथा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन