गोपालगंज में मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
गोपालगंज में शांति समिति की बैठक। फोटो- प्रभात खबर
Muharram 2026: गोपालगंज में मुहर्रम को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. डीएम समीर सौरभ ने शांतिपूर्ण आयोजन, सोशल मीडिया निगरानी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
Muharram 2026: गोपालगंज जिले में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य शामिल हुए. बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्गों की निगरानी, बिजली, साफ-सफाई, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. जिला पदाधिकारी ने कहा कि गोपालगंज की पहचान हमेशा से सामाजिक समरसता और भाईचारे के लिए रही है, जिसे हर हाल में बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
तय रूट पर ही निकलेगा जुलूस
जिला पदाधिकारी ने नियमों की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे. किसी भी अखाड़े को बिना अनुमति नए मार्ग पर जाने या बिना लाइसेंस के जुलूस निकालने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी. क्षेत्र के सभी चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों (मैजिस्ट्रेट) एवं पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और जिला प्रशासन लगातार इस पर अपनी नजर बनाए रखेगा. शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से पेश आएगी.
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए जिला पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही आम लोगों से भी विशेष अपील की गई कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं.
बैठक में कई आला अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे. बैठक के अंत में शांति समिति के सभी सदस्यों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे आपसी भाईचारे के साथ मुहर्रम का पर्व मनाएंगे. सभी सदस्यों ने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को अपना पूर्ण और सकारात्मक सहयोग देने का संकल्प भी दोहराया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










