हुजूर! बेटियों की पीड़ा कौन सुनेगा? कटेया के स्कूल में टॉयलेट बंद, झाड़ियों का सहारा लेने को मजबूर छात्राएं
उपेक्षित पड़ा जीए हाइस्कूल सह इंटर कॉलेज कटेया
Kateya GA High School: कटेया के जीए उच्च विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली छात्राओं के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. छात्राओं के लिए बना शौचालय अक्सर बंद रहता है, जिससे उन्हें खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ता है. पीने के पानी की भी गंभीर समस्या है.
Kateya GA High School: कटेया प्रखंड के सबसे पुराने शिक्षण संस्थानों में शामिल जीए उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली छात्र-छात्राओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. विद्यालय में छात्राओं के लिए बने शौचालय पर अक्सर ताला लटका रहता है. ऐसे में छात्राओं को नित्यक्रिया के लिए झाड़ियों और दीवारों की आड़ लेने को मजबूर होना पड़ रहा है. विद्यालय परिसर में शौचालय जैसी जरूरी सुविधा का इस्तेमाल नहीं हो पाना बेटियों की गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
1932 में स्वतंत्रता सेनानी ने की थी विद्यालय की स्थापना
जीए उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज कटेया प्रखंड का पुराना शिक्षण संस्थान है. वर्ष 1932 में कटेया नगर पंचायत के खुरहुरिया गांव निवासी स्वतंत्रता सेनानी स्व. बाबू महादेव राय ने इसकी स्थापना की थी. लंबे समय से क्षेत्र में शिक्षा का केंद्र रहे इस विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं.
शौचालय के गेट पर ताला, झाड़ियों में जाने को मजबूर छात्राएं
छात्राओं के लिए बनाये गये शौचालय के गेट पर अक्सर ताला लटका रहता है. शौचालय के आसपास घास-फूस और झाड़ियां उग आयी हैं तथा गेट पर बेलें चढ़ गयी हैं. ऐसे हालात में छात्राओं को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है.
विद्यालय में पढ़ने वाली किशोरियों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से गंभीर है. खुले में या झाड़ियों की आड़ लेने की मजबूरी से उनकी निजता और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है.
यह भी पढे़ं: शर्मनाक... स्ट्रेचर नहीं मिला तो बीमार पत्नी को पीठ पर लाद लिया पति, व्यवस्था पर उठे सवाल
खुली टंकी से हादसे का खतरा
शौचालय परिसर में बनी पानी की टंकी का ढक्कन खुला होने की बात भी सामने आयी है. विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की लगातार आवाजाही रहती है. ऐसे में खुली टंकी किसी दुर्घटना का कारण बन सकती है. अभिभावकों ने भी इसको लेकर चिंता जतायी है और विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
पेयजल के लिए 200 मीटर दूर जाने की मजबूरी
विद्यालय में पेयजल की स्थिति भी ठीक नहीं है. एक चापाकल लंबे समय से खराब पड़ा है, जबकि दूसरे चापाकल से कुछ देर पानी चलाने के बाद पानी के साथ सफेद बालू निकलने लगती है. इससे छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए करीब 200 मीटर दूर सड़क मोड़ या खुरहुरिया गांव तक जाने की मजबूरी बनी हुई है.
विद्यालय परिसर में बनाया गया पानी का बूथ भी उपयोगी नहीं है. पानी की टंकी खराब है और उसकी टोंटी गायब है. इसके कारण टंकी से छात्र-छात्राओं को पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है.
सफाई के नाम पर खर्च, फिर भी शौचालय पर ताला
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में सफाई के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्वीपर और झाड़ू लगाने के लिए कर्मी की व्यवस्था है. इसके बावजूद शौचालय और परिसर की स्थिति बदहाल है.
लोगों का कहना है कि कागज पर प्रतिदिन शौचालय और विद्यालय परिसर की सफाई का दावा किया जाता है. इसके अलावा विद्यालय के रखरखाव के लिए प्रत्येक वर्ष करीब 75 हजार से एक लाख रुपये तक की राशि मिलने की बात भी कही जा रही है. कंटिजेंसी और विकास मद में भी विद्यालय को राशि मिलने की जानकारी है.
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि विद्यालय को रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं के लिए राशि मिलती है, तो फिर छात्राओं के शौचालय पर ताला और पेयजल व्यवस्था बदहाल क्यों है.
व्यवस्था सुधारने की जगह बनी रही अनदेखी
विद्यालय की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी है. उनका कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शिक्षा व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है. खासकर छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय तथा पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था होना जरूरी है.
डीइओ ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यालय की जांच करायी जायेगी. गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि विद्यालय की व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त कराया जायेगा.
अब देखना है कि डीइओ के निर्देश के बाद विद्यालय में छात्राओं के लिए बंद पड़े शौचालय, खराब पेयजल व्यवस्था और खुले टैंक की समस्या कितनी जल्दी दूर होती है.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











