गोपालगंज में 138 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, दोनों की बाइक जब्त
उत्पाद थाने में शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर की तस्वीर
गोपालगंज में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. विशंभरपुर और कुचायकोट थाना क्षेत्रों से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 138 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद की गई है. कार्रवाई के दौरान दोनों की बाइकें भी जब्त की गईं.
गोपालगंज: जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में टीम ने विशंभरपुर थाना क्षेत्र के काला गांव के समीप और कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया. दोनों के पास से कुल 138 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद की गयी. कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपितों की बाइक भी जब्त की गयी है.
135 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
उत्पाद विभाग की टीम को विशंभरपुर थाना क्षेत्र के काला गांव के समीप शराब तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में छापेमारी की. इस दौरान एक तस्कर को 135 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपित की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के बरईपट्टी नवादा गांव निवासी पहलाद यादव के पुत्र तपेंद्र कुमार के रूप में हुई है. उसके पास से शराब के साथ एक बाइक भी बरामद की गयी.
बलथरी चेकपोस्ट पर तीन लीटर विदेशी शराब बरामद
उत्पाद विभाग ने दूसरी कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित बलथरी चेकपोस्ट पर की. यहां वाहनों की जांच के दौरान तीन लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से भी एक बाइक जब्त की गयी.
गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के दरियापुर कफेन गांव निवासी अनिल कुमार चौधरी के पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है.
दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गये
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गयी है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. अवैध शराब के कारोबार और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











