गोपालगंज: मांझा की बलुही नदी में युवक बहा, भैंस चराकर लौटते समय हादसा, तलाश जारी
गोपालगंज के भैसही गांव निवासी टिंकू यादव बलुही नदी पार करते समय पानी के तेज बहाव में बह गए. ग्रामीणों ने घंटों तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला. प्रशासन से SDRF टीम बुलाने की मांग की जा रही है.
Gopalganj News: स्थानीय थाना क्षेत्र के भैसही गांव निवासी बद्री यादव का पुत्र टिंकू यादव शनिवार की शाम बलुही गांव से भैंस चराकर घर लौट रहा था. इसी दौरान बलुही नदी पार करने के दौरान अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और नदी में बह गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
ग्रामीणों ने काफी देर तक चलाया तलाशी अभियान
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी. ग्रामीणों ने नदी के आसपास काफी दूर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक टिंकू यादव का कोई सुराग नहीं मिल सका.
ग्रामीणों के अनुसार, नदी में पानी का बहाव काफी तेज था. इसी दौरान नदी पार करते समय युवक अपना संतुलन खो बैठा और तेज धारा में बह गया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सूचना के बाद मौके पर पहुंची सीओ
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गयी. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद अंचल पदाधिकारी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के बाद वहां से चली गयीं.
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद यदि एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेज दिया जाता, तो युवक की तलाश में तेजी आ सकती थी.
एसडीआरएफ टीम बुलाने की मांग
घटना के बाद ग्रामीण लगातार प्रशासन से नदी में युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम बुलाने की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि नदी में पानी का बहाव तेज है और समय बीतने के साथ युवक की तलाश और मुश्किल होती जा रही है.
प्रशासन की ओर से युवक की तलाश के लिए आगे क्या कदम उठाये जाते हैं, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











