जेपीयू नामांकन : जेपीयू में स्नातक नामांकन का अंतिम मौका, 23 जुलाई तक करें आवेदन

Updated:
विज्ञापन
फोटो:- शहर का कमला राय कॉलेज | Prabhat Khabar Network

शहर का कमला राय कॉलेज | Prabhat Khabar Network

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन का एक और मौका दे रहा है. छूटे हुए छात्र 20 से 23 जुलाई तक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. तीसरी मेधा सूची 26 जुलाई को जारी होगी.

विज्ञापन

Gopalganj News : गोपालगंज जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अधीन संचालित जिले के सभी अंगीभूत, संबद्ध एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों में सीबीसीएस आधारित चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है. द्वितीय मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 18 जुलाई को पूरा हो गया. अब जिन छात्रों का अब तक नामांकन नहीं हो सका है या जिन्होंने आवेदन नहीं किया है, उन्हें विश्वविद्यालय ने एक और अवसर दिया है.

20 से 23 जुलाई तक होगा ऑनलाइन आवेदन

विश्वविद्यालय ने रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए 20 से 23 जुलाई तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया है. महाविद्यालयवार रिक्त सीटों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है. इस अवधि में अभ्यर्थी नए आवेदन करने के साथ-साथ अपने आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों का भी सुधार कर सकेंगे.

26 जुलाई को जारी होगी तीसरी मेरिट लिस्ट

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 24 और 25 जुलाई को आवेदनों की जांच की जाएगी. इसके बाद 26 जुलाई को तृतीय मेधा सूची प्रकाशित होगी. सूची में चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 27 जुलाई से आवंटित कॉलेजों में शुरू किया जाएगा. यह व्यवस्था जिले के सभी अंगीभूत, संबद्ध एवं नौ राजकीय डिग्री कॉलेजों में लागू होगी.

एक आवेदन शुल्क में तीन विषय चुनने की सुविधा

विश्वविद्यालय ने सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया है, जिसका भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से होगा. एक बार जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा. एक ही आवेदन शुल्क में अभ्यर्थी अधिकतम तीन प्रोग्राम (विषय) का चयन कर सकेंगे. पहले प्रोग्राम के लिए शुल्क जमा करने के बाद उसी लॉगिन आईडी से दो अन्य प्रोग्राम बिना अतिरिक्त शुल्क के चुने जा सकेंगे. प्रत्येक प्रोग्राम के लिए अधिकतम पांच कॉलेजों का विकल्प भरने की सुविधा भी दी गई है.

तीनों संकायों के लिए पात्रता निर्धारित

विश्वविद्यालय ने विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय में प्रवेश के लिए पात्रता भी निर्धारित की है. विज्ञान संकाय में नामांकन के लिए इंटरमीडिएट विज्ञान या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. वहीं वाणिज्य और कला संकाय में इंटरमीडिएट कला, विज्ञान, वाणिज्य अथवा किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड की समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक छात्रों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने और आवेदन पत्र में सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने की अपील की है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन