गोपालगंज: कटेया में पत्नी-बेटी को बुलाने की जिद पर मोबाइल टावर चढ़ा युवक, 18 घंटे बाद पुलिस ने उतारा
टावर के नीचे एक मकान के छत पर खड़ी पत्नी व बेटी
कटेया नगर पंचायत में एक युवक अपनी पत्नी और बेटी को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. 18 घंटे के चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारा, जिसके बाद युवक ने अपनी पत्नी से तलाक मांगना शुरू कर दिया.
Gopalganj Youth's Drama on Mobile Tower: कटेया नगर पंचायत के वैष्णो मठ के समीप मोबाइल टावर पर चढ़े युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा करीब 18 घंटे बाद रात 10 बजे खत्म हुआ. युवक की पत्नी और चार वर्षीय बेटी को हाजीपुर से कटेया बुलाया गया था. टावर के नीचे पहुंची पत्नी ने मोबाइल फोन से काफी देर तक युवक को नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन युवक पत्नी से लिखित रूप से साथ रहने का आश्वासन मांगता रहा. पत्नी, परिजन और पुलिस के आरजू-मिन्नत के बाद भी वह नीचे आने को तैयार नहीं था. काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे रात 10 बजे नीचे उतारने में सफल रही. नीचे उतरते ही उसने पत्नी से तलाक मांगना शुरू कर दिया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
पत्नी और बेटी को सामने लाने की मांग पर चढ़ा था टावर
यूपी के देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के बाड़ायापार गांव निवासी अवनीश कुमार पासवान का आरोप था कि उसकी पत्नी पूजा कुमारी और चार वर्षीय बेटी को उसके सामने लाया जाये. पुलिस ने उसकी पत्नी और बच्ची को हाजीपुर से कटेया बुलाया. टावर के नीचे पहुंची पत्नी ने मोबाइल फोन से युवक को नीचे उतरने के लिए समझाया. वहीं उसका भाई भी लगातार नीचे उतरने की गुहार लगाता रहा. पत्नी और परिजनों के साथ पुलिस भी उसे समझाती रही, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं था.
मुंबई से आया था पत्नी से मिलने, नहीं रहने पर चढ़ा टावर
अवनीश के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2021 में कटेया थाना क्षेत्र के कुकुरभुका गांव निवासी गुड्डू पासवान की पुत्री पूजा कुमारी से हुई थी. शादी के करीब डेढ़ साल बाद उसकी पत्नी उसके पास से चली गयी और तब से उसके साथ नहीं रह रही थी.
मंगलवार को वह पत्नी को घर वापस लाने के लिए मुंबई से अपने ससुराल पहुंचा था, लेकिन वहां पत्नी नहीं मिली. उसकी पत्नी हाजीपुर में अपनी बहन के सिलाई सेंटर में रहकर काम करती है. इसके बाद वह वैष्णो मठ के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. परिजनों के अनुसार, अवनीश पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका है. युवक के टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस पूरे दिन उसे सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी रही.
ग्रामीणों की भीड़ के बीच चलता रहा ड्रामा
टावर पर चढ़ा अवनीश ग्रामीणों की भीड़ के बीच लगातार अपनी पत्नी को बुलाने के लिए आवाज लगाता रहा. ग्रामीणों का भी देर शाम तक उसे समझाने-बुझाने का सिलसिला चलता रहा.
उसके ससुराल के लोगों ने कहा कि जब अवनीश पत्नी का खर्च नहीं उठा पा रहा था, तो उसकी पत्नी ने खुद सिलाई का काम शुरू कर बेटी को पढ़ाने के लिए हाजीपुर में अपनी बहन के सिलाई सेंटर पर रहने का फैसला किया. आखिरकार करीब 18 घंटे बाद रात 10 बजे अवनीश टावर से नीचे उतरा. नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का लगाया आरोप
पुलिस का कहना है कि युवक के टावर पर चढ़े रहने के कारण सुबह से रात तक पुलिस को मौके पर मौजूद रहना पड़ा. पुलिस के अनुसार, पूरे दिन धूप में पुलिसकर्मियों को भी खड़ा रहना पड़ा और सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई. पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










