गोपालगंज में इंटर नामांकन की तीसरी और अंतिम चयन सूची जारी, 14 जून तक 264 स्कूलों में होगा दाखिला
Gopalganj News: बिहार बोर्ड ने ओएफएसएस के माध्यम से इंटर 2026-28 सत्र की तीसरी और अंतिम चयन सूची जारी कर दी है. गोपालगंज के 264 स्कूलों में 14 जून तक नामांकन होगा। स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया बाद में शुरू होगी.
Gopalganj News: (विकास दुबे) गोपालगंज जिले में इंटरमीडिएट में नामांकन का इंतजार कर रहे हजारों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने ऑनलाइन फैसिलिटेशन सिस्टम फॉर स्टूडेंट्स (ओएफएसएस) के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए कक्षा 11वीं में नामांकन की तीसरी एवं अंतिम चयन सूची जारी कर दी है. सूची जारी होने के साथ ही जिले के 264 सरकारी एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों और इंटर स्तरीय शिक्षण संस्थानों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. चयनित विद्यार्थी 11 जून से 14 जून तक अपने आवंटित विद्यालय या कॉलेज में दाखिला ले सकते हैं.
तीसरी सूची के बाद नहीं आएगी कोई नई मेरिट लिस्ट
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तीसरी चयन सूची के बाद किसी भी प्रकार की नई चयन सूची जारी नहीं की जाएगी. ऐसे में जिन विद्यार्थियों का नाम इस सूची में शामिल है, उनके लिए यह नामांकन का अंतिम अवसर है. निर्धारित समय सीमा के भीतर दाखिला नहीं लेने पर उनका दावा स्वतः समाप्त माना जाएगा.
रिक्त सीटों और मेरिट के आधार पर तैयार हुई अंतिम सूची
बोर्ड के अनुसार तीसरी चयन सूची प्रथम और द्वितीय चयन सूची के बाद बची रिक्त सीटों, मैट्रिक परीक्षा में प्राप्त अंकों, आरक्षण नियमों तथा आवेदन के दौरान विद्यार्थियों द्वारा दिए गए विद्यालय एवं संकाय विकल्पों के आधार पर तैयार की गई है.
चयनित छात्रों के इंटिमेशन लेटर ओएफएसएस पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं. साथ ही पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी गई है.
स्लाइड-अप का विकल्प चुनने वाले छात्रों को नए संस्थान में लेना होगा प्रवेश
जिन विद्यार्थियों ने पहली या दूसरी चयन सूची के बाद स्लाइड-अप का विकल्प चुना था और उन्हें तीसरी सूची में अधिक प्राथमिकता वाला विद्यालय, कॉलेज या संकाय आवंटित हुआ है, उनका पूर्व नामांकन स्वतः निरस्त हो गया है.
ऐसे विद्यार्थियों को 14 जून तक नए आवंटित संस्थान में अनिवार्य रूप से नामांकन कराना होगा. समय पर प्रवेश नहीं लेने पर उनका नामांकन अधिकार समाप्त हो जाएगा.
नामांकन के लिए ये दस्तावेज रखना होगा अनिवार्य
- ओएफएसएस पोर्टल से डाउनलोड किया गया इंटिमेशन लेटर.
- कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म (CAF).
- मैट्रिक का अंक पत्र.
- विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र (टीसी).
- आरक्षण एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र (यदि लागू हो).
- सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति.
- छह पासपोर्ट आकार के नवीनतम रंगीन फोटो.
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि नामांकन के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो.
चयन नहीं होने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा स्पॉट एडमिशन का मौका
तीसरी सूची में जिन विद्यार्थियों का चयन नहीं हो पाया है, उनके लिए स्पॉट एडमिशन का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा. तीसरी चयन सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन की अधिसूचना जारी की जाएगी.
बोर्ड के अनुसार कई छात्रों का चयन इसलिए नहीं हो पाया क्योंकि उनके चुने गए विद्यालयों का कट-ऑफ उनके प्राप्त अंकों से अधिक था. ऐसे विद्यार्थी ओएफएसएस पोर्टल पर उपलब्ध कट-ऑफ सूची देखकर अपनी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
विद्यालयों और कॉलेजों को दिए गए विशेष निर्देश
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी विद्यालयों और कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों को नामांकन प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त काउंटर संचालित करने तथा विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं.
साथ ही सभी संस्थानों को प्रतिदिन नामांकित विद्यार्थियों का विवरण ओएफएसएस पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य किया गया है. 15 जून तक सीटों की अद्यतन स्थिति अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रिक्त सीटों के आधार पर स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सके.
समय रहते दाखिला लेने की अपील
जिला शिक्षा विभाग ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 14 जून से पहले अपने आवंटित संस्थान में नामांकन सुनिश्चित करा लें, जिससे बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में मानसून की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिण बिहार में आज के बाद गर्मी से मिलेगी राहत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.
वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










