गोपालगंज: केवीके सिपाया में उर्वरक लाइसेंस के लिए 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू, 40 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करते अधिकारी
कृषि विज्ञान केंद्र सिपाया में उर्वरक अनुज्ञप्ति (फर्टिलाइजर लाइसेंस) के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित डीलरों को मिट्टी स्वास्थ्य प्रबंधन में दक्ष बनाना है.
Gopalganj News: कुचायकोट प्रखंड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सिपाया में उर्वरक अनुज्ञप्ति (फर्टिलाइजर लाइसेंस) प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए समेकित पोषक प्रबंधन विषय पर 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के छठे बैच का बुधवार को शुभारंभ हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित उर्वरक डीलरों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारी देकर उन्हें मिट्टी स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में दक्ष बनाना है.
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ प्रशिक्षण का उद्घाटन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र की वरीय वैज्ञानिक सह अध्यक्ष एवं कोर्स निदेशक डॉ. अनुपमा कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों और इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला.
मिट्टी स्वास्थ्य प्रबंधन और उर्वरक कानूनों की दी जाएगी जानकारी
डॉ. अनुपमा कुमारी ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संभावित उर्वरक डीलरों को मिट्टी स्वास्थ्य प्रबंधन, उर्वरकों से जुड़े नियमों एवं कानूनों की जानकारी देना तथा उन्हें मिट्टी स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में परा-विस्तार (पैरा-एक्सटेंशन) पेशेवर के रूप में विकसित करना है.
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण 5 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा.
जिले के 40 प्रतिभागी ले रहे हैं प्रशिक्षण
कोर्स संचालक डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 40 प्रतिभागी शामिल हुए हैं. प्रशिक्षण के दौरान देश के विभिन्न उच्च शिक्षण एवं शोध संस्थानों के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को उर्वरक प्रबंधन, पोषक तत्वों के संतुलित उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी देंगे.
विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे उर्वरक व्यवसाय के साथ-साथ किसानों को भी वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी एवं पोषक तत्व प्रबंधन संबंधी उचित सलाह दे सकें.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में गृह विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. अनीता गौतम, प्रिया दास, फार्म मैनेजर रविकांत कुमार, सहायक पंकज कुमार, नीलेश कुमार, शुभम कुमार, वीरेंद्र कुमार, पप्पू कुमार सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










