गोपालगंज में 50 लाख की ज्वेलरी लूट की जांच तेज, डॉग स्क्वायड ने खंगाले सुराग
तीसरे दिन घटना की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी घटना की जांच करती डॉग स्क्वॉयड की टीम | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के जमुनहा बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी से 50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. एसआइटी, टेक्निकल टीम और डॉग स्क्वायड सुराग जुटाने में लगे हैं. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अपराधी पकड़े जाएंगे.
Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजार में शनिवार की शाम व्यवसायी से हुई 50 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर गठित एसआइटी के साथ टेक्निकल टीम और डॉग स्क्वायड भी जांच में जुटी है. रविवार की रात डॉग स्क्वायड की टीम ने जमुनहा और भृंगीचक पहुंचकर घटनास्थल की जांच की. वहीं, सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
डॉग स्क्वायड ने घंटों की जांच
डॉग स्क्वायड की टीम ने पीड़ित व्यवसायी और स्थानीय ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद खोजी कुत्ते की मदद से जमुनहा और भृंगीचक इलाके में घंटों जांच की गयी. टीम के पदाधिकारियों ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी जांच जारी रखने की बात कही.
इधर, टेक्निकल टीम भी घटना से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से बरामद अपराधियों की बाइक से मिले सुरागों को जोड़कर जांच आगे बढ़ायी जा रही है.
कई राज्यों की पुलिस से संपर्क
सोमवार को इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार, डीआइओ टीम के अधिकारी ओमप्रकाश चौहान समेत कई पुलिस पदाधिकारी जमुनहा बाजार पहुंचे. टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर संबंधित कई राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है. जांच टीम अपराधियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है.
गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी
हथुआ एसडीपीओ राजकुमार साह के नेतृत्व में एसआइटी लगातार कार्रवाई कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और इन्हीं के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
जांच प्रभावित नहीं हो, इसे देखते हुए पुलिस फिलहाल मिले सुरागों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज कर रही है.
जानिए, क्या है पूरा मामला
शनिवार की शाम जमुनहा बाजार निवासी ज्वेलरी व्यवसायी हरेंद्र वर्मा अपनी दुकान बंद कर ज्वेलरी से भरा बैग लेकर घर भृंगीचक जा रहे थे. बाजार से बाहर निकलते ही तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया. अपराधियों ने उनके पास से 50 हजार रुपये नकद समेत करीब 50 लाख रुपये की ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया.
विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्टल के बट से व्यवसायी पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. व्यवसायी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े. ग्रामीणों को आते देख अपराधी फायरिंग करते हुए भागने लगे. ग्रामीणों से घिरने के बाद अपराधी एक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गये.
घटना के बाद पुलिस ने मौके से अपराधियों की छोड़ी गयी बाइक बरामद की. पुलिस के लिए यह बाइक जांच की अहम कड़ी बनी हुई है. बाइक से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज में सामने आये घटनाक्रम के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
जल्द सफलता मिलने की उम्मीद : एसडीपीओ
हथुआ एसडीपीओ राजकुमार साह ने कहा कि जमुनहा में हुए लूटकांड के उद्भेदन के लिए जिले की पूरी टीम लगी हुई है. एसआइटी बारीकी से जांच कर रही है. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर सघन जांच की जा रही है. उन्होंने जल्द सफलता मिलने की उम्मीद जतायी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए