गोपालगंज में 24 को विज्ञान संगोष्ठी, 25 सितंबर को विज्ञान ड्रामा में दिखेगी स्कूली बच्चों की प्रतिभा
निर्णायक मंडल के साथ बैठक करते डीपीओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज जिले के स्कूली विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा को जिला स्तर पर परखा जाएगा. शिक्षा विभाग ने विज्ञान संगोष्ठी-2026 और विज्ञान ड्रामा-2026 के आयोजन की तैयारी तेज कर दी है. प्रतियोगिताएं 24 और 25 सितंबर को होंगी.
Gopalganj News : गोपालगंज जिले के स्कूली विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा अब जिला स्तर पर परखी जायेगी. विज्ञान संगोष्ठी-2026 और विज्ञान ड्रामा-2026 के आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ शिवम ने निर्णायक मंडल के सदस्यों के साथ समीक्षा-सह-योजना बैठक की.
बैठक में प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, विद्यार्थियों की भागीदारी, मूल्यांकन प्रक्रिया और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की गयी. नोडल पदाधिकारी आरपी सिंह समेत निर्णायक मंडल के सदस्य बैठक में मौजूद रहे.
24 सितंबर को विज्ञान संगोष्ठी में रखेंगे विचार
जिला स्तर पर 24 सितंबर को सुबह 11 बजे पीएम श्री एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालगंज में विज्ञान संगोष्ठी-2026 आयोजित होगी. इसमें प्रखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थी शामिल होंगे. विद्यार्थी निर्धारित वैज्ञानिक विषय पर अपनी समझ, तर्क और विचार प्रस्तुत करेंगे.
प्रतियोगिता को लेकर सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को चयनित छात्र-छात्राओं की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है. मूल्यांकन के लिए श्वेता गुप्ता, हेमंत कुमार यादव, डॉ. विवेकानंद प्रसाद, प्रेम कुमार और अनिक कुमार पांडेय को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है.
चार उपविषयों पर होगी विज्ञान ड्रामा की प्रस्तुति
25 सितंबर को सुबह 11 बजे विज्ञान ड्रामा-2026 का आयोजन किया जायेगा. इसमें कक्षा छह से 10 तक के विद्यार्थी भाग लेंगे. इस वर्ष ड्रामा का मुख्य विषय ‘साइंस व सोसाइटी’ रखा गया है. इसके तहत चार उपविषय निर्धारित किये गये हैं.
इनमें ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता : मित्र, उपकरण या खतरा’, ‘इलेक्ट्रिक वाहन : आगे बढ़ने का मार्ग’, ‘अंतरतारकीय आवास’ तथा ‘महासागरों का पुनरुद्धार-आने वाली पीढ़ियों का संरक्षण’ शामिल हैं. प्रतिभागी इनमें से किसी एक उपविषय को आधार बनाकर अपनी प्रस्तुति देंगे. इसके माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान के बदलते स्वरूप और समाज पर उसके प्रभाव को मंच पर प्रस्तुत करेंगे.
चयनित विद्यार्थियों को समय पर पहुंचाने का निर्देश
डीपीओ ने सभी बीइओ को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं को तय तिथि और समय पर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित करें. बैठक में आयोजन स्थल की व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और निष्पक्ष मूल्यांकन को लेकर भी आवश्यक योजना बनायी गयी.
बैठक में निर्णायक मंडल के सदस्य श्वेता गुप्ता, डॉ. विवेकानंद प्रसाद, हेमंत कुमार यादव, प्रेम कुमार और अनिक कुमार पांडेय समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए