Gopalganj News : डायट में आज से फिर शुरू होगी शिक्षकों की ट्रेनिंग, 26 अप्रैल को होगा समापन
Published by : GURUDUTT NATH Updated At : 20 Apr 2025 9:57 PM
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ( डायट) थावे में आज से फिर प्रारंभिक शिक्षकों की ट्रेनिंग शुरू हो जायेगी.
गोपालगंज/पंचदेवरी. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ( डायट) थावे में आज से फिर प्रारंभिक शिक्षकों की ट्रेनिंग शुरू हो जायेगी. 26 अप्रैल को इस बैच का समापन होगा. एससीइआरटी के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत प्रारंभिक शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जायेगी.
नौ बजे के बाद पहुंचने वाले शिक्षकों की नहीं बनेगी उपस्थिति
21 अप्रैल से शुरू होनेवाले बैच को लेकर प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ राजन कुमार द्वारा पत्र जारी कर कई आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. जारी किये गये पत्र के मुताबिक ट्रेनिंग के पहले दिन सुबह नौ बजे के बाद पहुंचने वाले शिक्षकों की उपस्थिति मान्य नहीं होगी. रजिस्ट्रेशन भी नौ बजे के बाद बंद कर दिया जायेगा. प्रशिक्षण के दौरान सामान्य परिस्थिति में किसी भी तरह का अवकाश मान्य नहीं होगा. आपातकालीन परिस्थिति में अवकाश सत्र समन्वयक की अनुशंसा पर छुट्टी देय होगी. प्रतिमाह अनुमान्य आकस्मिक अवकाश से अधिक अवकाश देय नहीं होगा.
प्रशिक्षु शिक्षकों को साथ में पहचान पत्र रखना अनिवार्य
ट्रेनिंग के दौरान प्रत्येक शिक्षक को डायट द्वारा निर्धारित किये गये समय के अनुसार अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी. बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर संबंधित शिक्षक को अनुपस्थित माना जायेगा. सभी प्रशिक्षु शिक्षकों को साथ में पहचान पत्र रखना अनिवार्य है. डायट थावे के प्रशिक्षण प्रभारी हिमांशु शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल को ही एक बैच का प्रशिक्षण समाप्त हुआ है. 21 से फिर निर्धारित समयानुसार नये बैच का प्रशिक्षण शुरू हो जायेगा. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी शिक्षकों को विभाग द्वारा निर्धारित किये गये नियमों का पालन करना होगा. अनुशासनहीनता व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










