गोपालगंज की बेटी परिवहन विभाग में सब इंस्पेक्टर बनीं, गांव में जश्न का माहौल
Published by : Vivek Pandey Updated At : 02 Jun 2026 11:25 AM
Gopalganj News: कुशुम सिमुलतला आवासीय विद्यालय की छात्रा रह चुकी हैं, परिवहन विभाग में सब इंस्पेक्टर बनीं हरिहरपुर की बेटी.
Gopalganj News: (विकास दुबे) गोपालगंज सदर प्रखंड के एकडेरवां पंचायत स्थित हरिहरपुर गांव की बेटी कुशुम कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर बड़ी सफलता हासिल की है. उनका चयन बिहार सरकार के परिवहन विभाग में सब इंस्पेक्टर (दरोगा) पद पर हुआ है. चयन की सूचना मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया तथा कुशुम को बधाई दी.
कुशुम कुमारी हरिहरपुर गांव निवासी भोला प्रसाद और कौशल्या देवी की बड़ी पुत्री हैं. उनके पिता जादोपुर बाजार में दवा दुकान का संचालन करते हैं. सामान्य परिवार से आने वाली कुशुम ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. उनकी सफलता से क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नई प्रेरणा मिली है.
सिमुलतला से शुरू हुआ सफलता का सफर
कुशुम की सफलता की नींव बिहार के प्रतिष्ठित सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई में पड़ी. उन्होंने छठी कक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई वहीं से पूरी की. छात्र जीवन से ही उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. वर्ष 2018 में इंटरमीडिएट कला संकाय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने बिहार के टॉपरों में स्थान बनाया था. उस उपलब्धि ने भी जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया था.
इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी में नामांकन लिया. वहां से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की. लगातार प्रयास और समर्पण के बल पर उन्होंने परिवहन विभाग में सब इंस्पेक्टर पद हासिल कर सफलता की नई मिसाल कायम की.
शिक्षा और मेहनत को परिवार ने बनाया संस्कार
कुशुम का परिवार शिक्षा के प्रति हमेशा सजग और समर्पित रहा है. उनके बड़े भाई डॉ. रजनीश कुमार ने बीएचयू से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और चिकित्सा सेवा से जुड़े हुए हैं. वहीं छोटे भाई राहुल कुमार तथा छोटी बहन काव्या कुमारी भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि कुशुम शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर थीं और अपने लक्ष्य को लेकर पूरी तरह समर्पित रहती थीं. उनकी मेहनत और आत्मविश्वास का ही परिणाम है कि आज उन्होंने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है.
बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
ग्रामीणों का कहना है कि कुशुम की सफलता केवल उनके परिवार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के दम पर बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है.
चयन की खबर मिलते ही हरिहरपुर गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया. शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने कुशुम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से गोपालगंज जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित हुआ है. साथ ही यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










