गोपालगंज : बिहार पुलिस में चयनित 35 अभ्यर्थियों का हुआ सम्मान, युवाओं की सफलता बनी प्रेरणा
Gopalganj News : जिले के मांझा के शिव मंदिर परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ. इसमें बिहार पुलिस में चयनित 17 युवतियां और 18 युवक सम्मानित किए गए. कार्यक्रम में स्थानीय विधायक समेत कई लोग मौजूद रहे.
मांझा (गोपालगंज) से अखिल कुमार की रिपोर्ट
Gopalganj News : जिले के मांझा प्रखंड क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर में शनिवार को बिहार पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बिहार पुलिस में चयनित 35 युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया. चयनित अभ्यर्थियों में 17 युवतियां और 18 युवक शामिल हैं. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अभिभावक उपस्थित रहे.
माधव हाई स्कूल के खेल मैदान में सुमित कुमार देते हैं ट्रेनिंग
जानकारी के अनुसार, पुरानी बाजार गांव निवासी सुमित कुमार द्वारा माधव हाई स्कूल के खेल मैदान में क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों को सेना, बिहार पुलिस, होमगार्ड सहित विभिन्न प्रतियोगी सेवाओं की शारीरिक एवं अन्य आवश्यक तैयारियां कराई जाती हैं. उनके मार्गदर्शन में इस वर्ष 35 अभ्यर्थियों का चयन बिहार पुलिस में हुआ है. इससे पूर्व भी उनके प्रशिक्षण के तहत 40 युवक-युवतियों का चयन होमगार्ड में हो चुका है. युवाओं की इस उपलब्धि को देखते हुए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
मेडल और स्मृति कप पाकर खिले चेहरे
समारोह के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को टोपी, मेडल एवं स्मृति कप प्रदान कर सम्मानित किया गया. वहीं उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे. कार्यक्रम में वक्ताओं ने चयनित युवाओं की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
युवाओं की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत : राजू चौबे
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री राजू चौबे ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. वहीं बरौली के विधायक मंजीत कुमार सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी है.
देश सेवा की भावना के साथ कर्तव्यों का करें निर्वहन : विधायक
उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया. विधायक ने कहा कि पुलिस सेवा में चयनित युवा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष डॉ. योगेश प्रसाद पटेल, अमरेंद्र कुमार बारी, सरपंच ब्यास मुनि शाही, पूर्व मुखिया मनोरंजन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समारोह का समापन चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के किसानों के लिए खुशखबरी: 75% अनुदान पर मिलेगा नारियल का पौधा, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.
वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










