गोपालगंज के मांझा में स्वास्थ्य शिविर, कर्मचारियों की टीबी स्क्रीनिंग के साथ हेपेटाइटिस-बी, एचआईवी व शुगर की जांच

मुख्य अतिथि को सम्मानित करते | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के मांझा प्रखंड में हरिओम दाना फैक्ट्री में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में कर्मचारियों की टीबी, हेपेटाइटिस-बी, एचआईवी, शुगर और अन्य बीमारियों की जांच की गई. समय पर बीमारियों की पहचान और उपचार पर जोर दिया गया.
Gopalganj News: गोपालगंज के मांझा प्रखंड में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित हरिओम दाना फैक्ट्री परिसर में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया. अपर उपाधीक्षक सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (संचारी रोग एवं यक्ष्मा), गोपालगंज के निर्देश पर आयोजित शिविर में फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गयी.
टीबी के साथ कई बीमारियों की हुई जांच
शिविर में कर्मचारियों की टीबी स्क्रीनिंग के साथ हेपेटाइटिस-बी, एचआईवी, शुगर एवं अन्य बीमारियों की जांच की गयी. जांच के बाद चिकित्सकों ने कर्मचारियों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया.
शिविर में डॉ. मोहम्मद फैयाज और डॉ. रीमा कुमारी ने कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम ने बताया कि शिविर में मरीजों के लिए एक्स-रे, रक्त जांच, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित की गयी थीं.
समय पर बीमारी की पहचान पर जोर
डॉ. तारिक इब्राहिम ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से टीबी सहित अन्य संक्रामक एवं गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है. इससे गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है.
उन्होंने फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की.
अन्य संस्थानों में भी लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थानों और कार्यस्थलों पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके.
शिविर के दौरान हरिओम दाना फैक्ट्री के संचालक सह राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, यक्ष्मा विभाग के संतोष कुमार सिंह, स्वास्थ्य समिति के प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी और फैक्ट्री के कर्मचारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











