गोपालगंज में शिक्षा व्यवस्था की डीएम ने की समीक्षा, APAAR ID की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

Updated:
विज्ञापन
फोटो:- समीक्षा बैठक करते डीएम व शिक्षा विभाग के अधिकारी  फोटो :- बैठक में शामिल शिक्षा विभाग के कर्मी व अन्य | Prabhat Khabar Network

बैठक में शामिल शिक्षा विभाग के कर्मी व अन्य

गोपालगंज में डीएम समीर सौरभ ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में स्कूल भवन निर्माण, नामांकन, APAAR ID और फेस रिकॉग्निशन की प्रगति की समीक्षा की.

विज्ञापन

गोपालगंज: जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में स्कूल भवन निर्माण, छात्र नामांकन, निजी विद्यालयों की मान्यता, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम, APAAR ID और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों समेत शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गयी.

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि स्कूल भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी.

स्कूल भवन निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष जोर

बैठक में बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम की ओर से कराये जा रहे विद्यालय भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की गयी. डीएम ने कार्यपालक अभियंता को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया.

इसके अलावा कुचायकोट सैनिक विद्यालय, कमला राय महाविद्यालय, गोपालगंज तथा गोपेश्वर महाविद्यालय, हथुआ में शिक्षक एवं चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों के आवास सहित चल रहे निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया.

डीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की हिदायत दी.

3.52 लाख बच्चों का हो चुका नामांकन

समीक्षा के दौरान बताया गया कि 30 जुलाई तक जिले में 3 लाख 52 हजार 753 छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया जा चुका है. पिछले 10 दिनों में ही 14 हजार 944 नए बच्चों का दाखिला हुआ है.

नामांकन की प्रगति पर डीएम ने संतोष जताते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा करने के लिए अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया.

बैठक में जिले के चयनित 14 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित करने की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.

निजी स्कूलों के 48 आवेदन लंबित

निजी विद्यालयों की मान्यता से जुड़े मामलों की समीक्षा में सामने आया कि प्रखंड स्तर पर अभी 48 आवेदन लंबित हैं. डीएम ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर इन आवेदनों की जांच पूरी कर उन्हें जिला प्रस्वीकृति समिति के पास भेजने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि मान्यता से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

फेस रिकॉग्निशन में 71% विद्यार्थियों का पंजीकरण

बैठक में फेस रिकॉग्निशन सिस्टम की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 71 प्रतिशत विद्यार्थियों और 97 प्रतिशत शिक्षकों का पंजीकरण पूरा हो चुका है.

डीएम ने विद्यार्थियों के पंजीकरण की धीमी गति पर विशेष ध्यान देते हुए सभी विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कक्षावार अभियान चलाकर शेष विद्यार्थियों का पंजीकरण जल्द पूरा कराया जाए.

APAAR ID की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज

APAAR ID निर्माण की समीक्षा के दौरान डीएम ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि पिछली समीक्षा के बाद केवल पांच हजार बच्चों की APAAR ID बनायी गयी है, जो संतोषजनक नहीं है.

डीएम ने सभी बीईओ को विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक छात्र की APAAR पहचान संख्या जल्द तैयार कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

कस्तूरबा विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन का निर्देश

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.

साथ ही विद्यालयों की चारदीवारी निर्माण के लिए जल्द प्राक्कलन तैयार कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके.

समय-सीमा में पूरा करें सभी काम

समीक्षा बैठक के दौरान डीएम समीर सौरभ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूल निर्माण, नामांकन, निजी विद्यालयों की मान्यता, फेस रिकॉग्निशन और APAAR ID समेत सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें.

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्य सीधे बच्चों के भविष्य से जुड़े हैं. इसलिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना होगा.

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ, सभी बीईओ सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन