बाइक सवार बदमाशों ने सगाई समारोह से लौट रही महिला से मंगलसूत्र छीने, गिरने से हुई घायल
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 06 Jun 2026 8:16 AM
अस्पताल में भर्ती घायल महिला.
Gopalganj News : लोहारपट्टी निवासी बेबी देवी बाइक सवार होकर लौट रही थी. इसी दौरान बदमाशों ने ओवरटेक कर महिला से छिनतई की.
Gopalganj News : ( मनीष राज की रिपोर्ट)
जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के कोन्हावा गांव के पास का है, जहां सगाई समारोह से लौट रही एक महिला से बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने मंगलसूत्र छीन लिया. घटना के दौरान महिला बाइक से गिरकर घायल हो गई.
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के लोहारपट्टी निवासी बेबी देवी अपने रिश्तेदार के यहां कैलाश होटल में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होकर परिजनों के साथ बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान कोन्हावा के समीप बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया.
छिनतई के दौरान अनियंत्रित होकर बाइक से गिरी
मंगलसूत्र छीनने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे बेबी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सासामुसा स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इधर, कुचायकोट थाना अध्यक्ष दर्पण सुमन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : जेपीयू नामांकन: छपरा, सीवान और गोपालगंज से उमड़े आवेदन, 40 हजार पार पहुंचने की संभावना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










