ePaper

हाजीपुर में कोचिंग से घर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़, विरोध करने पर बदमाशों ने पीट-पीटकर मार डाला

Updated at : 08 Jun 2023 10:17 PM (IST)
विज्ञापन
हाजीपुर में कोचिंग से घर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़, विरोध करने पर बदमाशों ने पीट-पीटकर मार डाला

वैशाली के करताहा में शाम के वक्त जब छात्रा अपनी सहेली के साथ कोचिंग से वापस लौट रही थी उसी दौरान कुछ मनचलों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी. छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी जिससे उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन

वैशाली जिला के करताहा थाना क्षेत्र के ठेगाडीह स्कूल के पास गुरुवार की शाम कोचिंग से लौट रही एक छात्रा के साथ मनचलों ने छेड़खानी की. जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी. मृत पुतुल कुमार (15 वर्ष) करताहां थाना के पातेपुर गांव निवासी नरेश सहनी की पुत्री थी. घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गयी. इसके बाद पुलिस को भी इसकी सूचना दी गयी. सूचना मिलने के बावजूद पुलिस विलंब से पहुंची. इस बात से आक्रोशित लोगों ने पुलिस को बंधक बना लिया. बाद में आक्रोशित लोगों को समझा कर और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत कराया गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.

कोचिंग से अपनी सहेली के साथ वापस घर लौट रही थी छात्रा

परिजन व ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन की तरह पुतुल अपनी सहेलियों के साथ कोचिंग में पढ़ने गयी थी. गुरुवार की शाम वह अपने गांव की ही एक छात्रा के साथ वापस लौट रही थी. रास्ते में ठेगाडीह चौरी के पास से बाइक सवार चार युवक उनका पीछा करने लगे. ठेगाडीह स्कूल के पास युवकों ने छात्रा को रोक लिया और छेड़खानी करने लगे. इसका विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी. पुतुल की सहेली ने वहां से भाग कर घर वालों को इसकी सूचना दी.

एसडीपीओ ने कराया ग्रामीणों को शांत

सूचना के बाद जब परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी. इसके बाद पुलिस के देरी से पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया. मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया. बाद में सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश भी मौके पर पहुंचे और आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी का आश्वासन देकर सभी को शांत कराया.

Also Read: लालू यादव का 76वां जन्मदिन 11 जून को, राजद ने पूरे बिहार में कार्यक्रम को लेकर की खास तैयारी
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के संबंध में करताहां थाना के थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन