गया जी : 5 महीने बाद शुरू हुआ वागेश्वरी ROB का निर्माण, पहले पिलर के लिए खुदाई शुरू

पिलर गाड़ने के लिए जेसीबी से कामकाज करते हुए कर्मचारी | Prabhat Khabar Network
Gaya Ji News : गया जी के व्यस्त वागेश्वरी रेलवे गुमटी पर बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है. भूमि पूजन के पांच महीने बाद पहले पिलर के लिए खुदाई शुरू की गई है. अगले दो वर्षों में निर्माण पूरा होने की उम्मीद है, जिससे हजारों लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी.
Gaya Ji News : गया जी शहर के बहुप्रतीक्षित वागेश्वरी रेलवे गुमटी संख्या 71/ए पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य ने आखिरकार गति पकड़ ली है. भूमि पूजन के लगभग पांच महीने बाद गुरुवार 16 जुलाई से वागेश्वरी रोड पर पुल के पहले पीलर के लिए गड्ढे की खुदाई शुरू कर दी गयी. निर्माण एजेंसी का लक्ष्य अगले दो वर्षों के अंदर इस महत्वपूर्ण आरओबी का निर्माण पूरा कर इसे आम लोगों के लिए चालू करना है.
भूमि पूजन के पांच महीने बाद शुरू हुआ काम, प्रशासन और रेलवे की बैठक के बाद बनी सहमति
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने 21 फरवरी को वागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण का भूमि पूजन किया था. इसके बाद लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा, लेकिन तकनीकी प्रक्रियाओं, यातायात व्यवस्था और वैकल्पिक मार्ग तय करने में समय लगने के कारण काम शुरू होने में करीब पांच महीने का समय लग गया. निर्माण कार्य शुरू होने से पहले बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने रेलवे फाटक बंद रहने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के संबंध में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को पत्र लिखा था. इसके बाद रेलवे, जिला प्रशासन और पुल निर्माण निगम के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें यातायात व्यवस्था बनाए रखते हुए निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया.
चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा निर्माण, तय समय सीमा में परियोजना पूरी करने का प्रयास
पहले चरण में पीलरों के निर्माण के लिए खुदाई का कार्य शुरू किया गया है. इसके बाद फाउंडेशन, पीलर निर्माण, गर्डर लगाने और सड़क निर्माण का काम चरणबद्ध तरीके से किया जायेगा. निर्माण एजेंसी का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के अंदर परियोजना पूरी करने का हर संभव प्रयास किया जायेगा. वागेश्वरी गुमटी गया शहर के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में शामिल है, जहां लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था.
व्यस्त रेलवे फाटक होने के कारण लगता था लंबा जाम, अब मिलेगी बड़ी राहत
यहाँ दिनभर लगातार ट्रेन परिचालन के कारण फाटक बार-बार बंद रहता है, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और बाजार जाने वाले लोगों को रोजाना घंटों जाम का सामना करना पड़ता है. ऐसे में इस महत्वपूर्ण आरओबी के बनने के बाद हजारों लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने के साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी पहले की तुलना में काफी बेहतर हो सकेगी.
सुरक्षा को लेकर की गई बैरिकेडिंग, प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की अपील की
निर्माण कार्य सुचारू रूप से शुरू होने के साथ ही वागेश्वरी रोड पर बैरिकेडिंग कर दी गयी है. सुरक्षा कारणों से बड़े वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगायी गयी है, जबकि दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है. प्रशासन ने आम लोगों से निर्माण अवधि के दौरान निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से लंबित इस परियोजना के धरातल पर उतरने से अब आरओबी के समय पर पूरा होने की उम्मीद जगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










