शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर कार ने शख्स को मारी टक्कर, 20 फीट उछलकर गिरने से मौके पर मौत
रोते बिलखते परिजन| Prabhat Khabar Network
शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर राजा बीघा के पास अनियंत्रित कार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई. इस हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH जाम कर दिया.
शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर राजा बीघा गांव के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई. मृतक की पहचान चिताप कला पंचायत के टोला निमहारा निवासी पवन उर्फ रामप्रवेश यादव के रूप में हुई है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चेरकी-गया मार्ग को जाम कर हंगामा किया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
ग्रामीणों के अनुसार, रामप्रवेश यादव खेत में पटवन करने के लिए जा रहे थे. वह सड़क के किनारे पैदल चल रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि किसान करीब 15 से 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े. जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

गंभीर रूप से घायल किसान को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल, गया ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और प्रशासनिक सहायता देने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि रामप्रवेश यादव गरीब किसान परिवार से थे. उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. बेटे ने बताया कि सुबह पिता घर से ठीक-ठाक खेत पर जाने के लिए निकले थे. कुछ देर बाद सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली और अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी बबीता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की जानकारी के बाद बीडीओ विनोद कुमार, सीओ उषा कुमारी, सर्किल इंस्पेक्टर नेयाज अहमद और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया और नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









